473 ग्राम OG Weed/THC, बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद; गाजियाबाद के सप्लायर की तलाश तेज
गाजियाबाद/सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को बड़ी सफलता मिली है। एएनटीएफ थाना सहारनपुर की टीम ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र से एक सक्रिय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की 473 ग्राम अवैध OG Weed/THC (हाईड्रोपोनिक वीड) बरामद की है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड और ₹1,400 नकद भी बरामद किए हैं।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध) तथा पुलिस महानिरीक्षक, एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
सेक्टर-4सी वसुंधरा से हुई गिरफ्तारी
एएनटीएफ टीम ने 29 जुलाई 2026 को वार्तालोक अपार्टमेंट के सामने, सेक्टर-4सी, वसुंधरा, थाना इंदिरापुरम (ट्रांस हिंडन कमिश्नरेट, गाजियाबाद) से आरोपी अंशु शर्मा (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी राजस्थान के धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के मरहोली गांव का निवासी है।आरोपी के खिलाफ थाना इंदिरापुरम में मुकदमा संख्या 612/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/29/60 में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से OG Weed/THC (हाईड्रोपोनिक वीड) की सप्लाई का काम कर रहा था। उसने खुलासा किया कि गाजियाबाद का एक व्यक्ति उसे पहले से पैक किए गए छोटे-छोटे पैकेट उपलब्ध कराता था और यह भी बताता था कि इन्हें किन लोगों तक पहुंचाना है।आरोपी ने बताया कि प्रत्येक दिन ड्रग्स की डिलीवरी करने के बदले उसे ₹3,000 से ₹5,000 तक की रकम मिलती थी, जिससे वह अपने शौक पूरे करता था।अब पुलिस उस मुख्य सप्लायर और पूरे ड्रग्स नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
एएनटीएफ ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया—473 ग्राम अवैध OG Weed/THC (हाईड्रोपोनिक वीड) (अनुमानित कीमत करीब ₹20 लाख), एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, ₹1,400 नकद बरामद किया है।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरफ्तारी केवल एक तस्कर तक सीमित नहीं है। पूछताछ के आधार पर पूरे सप्लाई नेटवर्क, मुख्य सप्लायर और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू
यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?
यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR









