दारागंज रामलीला कमेटी ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा, अतिथियों ने पंडित जी के योगदान और विचारों को किया याद
प्रयागराज। पंडित धर्मराज पाण्डेय की चौथी पूर्ण स्मृति के अवसर पर रामलीला कमेटी दारागंज की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान आगामी रामलीला कार्यक्रम के पोस्टर का लोकार्पण कमेटी के अध्यक्ष कुल्लू यादव और नगर निगम प्रयागराज जोन-4 की अध्यक्ष अनुपमा पाण्डेय ने संयुक्त रूप से किया।
श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने पंडित धर्मराज पाण्डेय को याद करते हुए उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान पर अपने विचार रखे। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नेता मृत्युंजय तिवारी, फिल्म निर्देशक राकेश श्रीवास्तव, कमेटी के उपाध्यक्ष हीरालाल यादव, पच्चू यादव, भाजपा नेता राजेश पाठक, पूर्व कालीपात्र पंडित शक्ति राज पाण्डेय, राकेश चतुर्वेदी और विकास श्रीवास्तव समेत कई लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान पंडित पुष्पराज पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शांति पाठ कराया। इसके बाद पंडित धर्मराज पाण्डेय को प्रिय सफेद रसगुल्ले का भोग अर्पित किया गया। भोग के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ क्षेत्र से गुजरने वाली जनता ने भी प्रसाद ग्रहण किया।

विचारों और कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम में अध्यक्ष तीर्थराज पाण्डेय ने कहा कि पंडित धर्मराज पाण्डेय ने अपने जीवन में जिन सिद्धांतों, विचारों और मूल्यों को अपनाया, उन्हें आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन के क्षेत्र में पंडित जी ने जो कार्य किए, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सभी लोग मिलकर प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि पंडित धर्मराज पाण्डेय के दिखाए रास्ते और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उनकी स्मृति को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखते हुए उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने पंडित धर्मराज पाण्डेय के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और आगामी रामलीला आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









