होम Uncategorized राहुल गांधी के काफिले की टक्कर की जांच करेगी एसआईटी, डीजीपी ने...

राहुल गांधी के काफिले की टक्कर की जांच करेगी एसआईटी, डीजीपी ने दिए निर्देश

0
16

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकराई थीं काफिले की गाड़ियां, आईजी किरण एस की अगुवाई में तीन सदस्यीय दल करेगा हादसे और सुरक्षा व्यवस्था की पड़ताल

लखनऊ। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों के बीच पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई टक्कर के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया है। यह दल दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही राहुल गांधी के दौरे के दौरान सुरक्षा, एस्कॉर्ट और यातायात प्रबंधन की व्यवस्था की भी समीक्षा करेगा। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के पीछे कोई लापरवाही या सुरक्षा व्यवस्था में चूक तो नहीं हुई।

राहुल गांधी सोमवार को सड़क मार्ग से सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत में पेश होने जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर उनके काफिले में शामिल वाहन आपस में टकरा गए। घटना के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए।

आईजी किरण एस करेंगे एसआईटी की अगुवाई

पुलिस मुख्यालय की ओर से सोमवार को जारी आदेश के मुताबिक, लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को जांच दल का अध्यक्ष बनाया गया है। सुलतानपुर के अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह और यातायात के पुलिस उपाधीक्षक राम कृष्ण चतुर्वेदी को एसआईटी का सदस्य नियुक्त किया गया है।

तीन सदस्यीय यह दल दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगा। इसमें टक्कर की परिस्थितियों, वाहनों की आवाजाही और काफिले के संचालन से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की भी होगी जांच

एसआईटी केवल दुर्घटना के कारणों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि राहुल गांधी के दौरे के दौरान अपनाई गई सुरक्षा व्यवस्था का भी परीक्षण करेगी। जांच में एस्कॉर्ट व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और काफिले के संचालन से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास होगा कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं और कहीं किसी स्तर पर लापरवाही तो नहीं हुई।

जल्द रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

पुलिस मुख्यालय ने जांच दल को सभी पहलुओं की समग्र जांच कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। एसआईटी से भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक सुझाव देने को भी कहा गया है।अब जांच रिपोर्ट से हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन में संभावित खामियों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। हालांकि, दुर्घटना के कारणों और किसी भी संभावित चूक की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर