नरैनी में पानी भरे गड्ढे में मिले थे दोनों मासूमों के शव, परिजनों ने पुरानी रंजिश में हत्या का लगाया आरोप
बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के नरैनी कोतवाली क्षेत्र में दो सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला उलझ गया है। परिजनों ने बच्चों की मौत को महज हादसा मानने से इनकार करते हुए गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर शव पानी से भरे गड्ढे में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल से लौटने के बाद घर के बाहर खेल रहे थे
नंदवारा गांव निवासी भैयाराम राजपूत के दो बेटे मनोज और युवराज बुधवार दोपहर घर के बाहर खेल रहे थे। छह वर्षीय मनोज कक्षा एक में पढ़ता था, जबकि छोटा भाई युवराज चार साल का था।परिजनों के मुताबिक, दोनों बच्चे करीब दोपहर एक बजे स्कूल से घर लौटे थे। खाना खाने के बाद दोनों घर के बाहर खेलने चले गए। कुछ देर बाद जब दोनों दिखाई नहीं दिए तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
पानी भरे गड्ढे में मिले शव
परिजनों और पुलिस की खोजबीन के दौरान देर शाम दोनों बच्चों के शव घर से करीब 100 मीटर दूर सड़क किनारे मिले। यह गड्ढा एक निर्माण कार्य के लिए नींव खोदने के दौरान बनाया गया था और इसमें करीब छह फीट पानी भरा था। पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
मृतक बच्चों के पिता भैयाराम राजपूत का आरोप है कि दोनों बच्चों की मौत पानी में डूबने से नहीं हुई है। उनका दावा है कि पुरानी रंजिश के चलते बच्चों की हत्या की गई और शवों को पानी से भरे गड्ढे में फेंक दिया गया।परिजनों के मुताबिक, शव बाहर निकाले जाने के बाद बच्चों के कान और नाक से खून दिखाई दे रहा था। परिवार ने गांव के भवानीदीन समेत कुछ अन्य लोगों पर शक जताया है।
मां से मारपीट का भी किया दावा
परिवार का कहना है कि गांव के कुछ लोगों के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा है। परिजनों के मुताबिक, 11 अगस्त को बच्चों की मां कलावती के साथ भी गांव के कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। परिवार इसी पुराने विवाद को दोनों बच्चों की मौत से जोड़कर देख रहा है और आरोपित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार और नरैनी कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मामले से जुड़े लोगों से जानकारी ली।क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार ने गुरुवार को बताया कि बच्चों के नाक और कान से खून आने की वास्तविक वजह और मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के आरोपों की भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









