शाहजहांपुर में मंदिर के अंदर जलते मिले दोनों शव, परिजनों ने गांव के युवक पर लगाया हत्या कर शव जलाने का आरोप; पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में दो साधुओं के जले हुए शव मिले। मंदिर से धुआं उठता देख स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मंदिर के संरक्षक को दी। मौके पर पहुंचने पर दोनों साधुओं के शव मंदिर के अंदर जली हुई अवस्था में मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
परिजनों और मंदिर के संरक्षक ने गांव के ही एक युवक पर दोनों साधुओं की हत्या करने के बाद शवों को जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, हत्या और शव जलाने के आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है।
मंदिर में जले मिले दोनों साधुओं के शव
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के मुताबिक, सूथा गांव निवासी बाबा बिहारी दास की उम्र करीब 60 वर्ष थी और वह गांव के शिव मंदिर में रहते थे। वहीं चौक कोतवाली क्षेत्र के अजीजगंज निवासी बाबा गोपाल दास करीब 70 वर्ष के थे और दूसरे मंदिर में पूजा-अर्चना करते थे।
गुरुवार सुबह दोनों के शव शिव मंदिर परिसर में जली हुई अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भंवरे दीक्षा अरुण, खुदागंज थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
धुआं उठता देख मंदिर पहुंचे लोग
मंदिर के संरक्षक शिवकुमार सिंह ने बताया कि बाबा बिहारी दास, बाबा गोपाल दास के शिष्य थे। सुबह स्थानीय लोगों ने मंदिर की तरफ से धुआं उठता देखा। इसकी जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। मंदिर के अंदर दोनों साधुओं के शव जल रहे थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गांव के युवक पर हत्या का आरोप
प्रारंभिक जांच में सूथा गांव के रहने वाले सुमित नामक युवक का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार, सुमित कुछ दिन पहले ही एक मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था और उसका दोनों साधुओं के साथ उठना-बैठना था।बताया गया है कि सुमित ने दोनों साधुओं से मंदिर छोड़कर दूसरी जगह जाने और खुद मंदिर में रहने की बात कही थी। मंदिर के संरक्षक ने आरोप लगाया है कि सुमित पहले भी साधुओं के साथ मारपीट कर चुका था। उनका आरोप है कि इसी युवक ने दोनों साधुओं की हत्या कर शवों को जलाया है।
आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपी सुमित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया है। उससे घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।फिलहाल पुलिस हत्या के कारण, घटना के घटनाक्रम और शव जलाए जाने की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच से भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









