सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी
कानपुर। यूपी के कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर में सोमवार दोपहर तीन बदमाशों ने एक रिटायर्ड इंस्पेक्टर के घर में घुसकर उनकी बहू और नाबालिग पोते को बंधक बना लिया। आरोपित करीब 45 मिनट तक घर में रहे और सोने-चांदी के जेवर, नकदी समेत लाखों रुपये का सामान समेटकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार वारदात श्याम नगर सी ब्लॉक निवासी रिटायर्ड इंस्पेक्टर जयनारायण त्रिपाठी के घर हुई। घटना के समय उनके बड़े बेटे शरद चंद्र त्रिपाठी स्कूल गए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी रचना त्रिपाठी और 16 वर्षीय बेटा देवांश मौजूद था। बताया गया कि दोपहर के समय तीन बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। एक आरोपित ने रचना त्रिपाठी को तमंचे के बल पर काबू में कर लिया। विरोध करने पर उनके हाथ बांध दिए गए और मुंह पर कपड़ा व टेप लगा दी गई। इसके बाद बदमाशों ने देवांश को भी चाकू और तमंचे के बल पर बंधक बना लिया।

पीड़िता के अनुसार बदमाशों ने अलमारी की चाबी लेकर घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान समेट लिया। जाते समय महिला के कानों के कुंडल, नाक की कील, मंगलसूत्र और पैरों की बिछिया भी उतरवा ली। वारदात के बाद दोनों को एक कमरे में बंद कर बदमाश फरार हो गए। करीब आधे घंटे बाद घर पहुंची कामकाजी महिला और उसके पति ने कमरे का दरवाजा खोलकर दोनों को मुक्त करायाप् इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को पीड़ित परिवार का मोबाइल मुरलीधाम क्षेत्र के पास सड़क किनारे पड़ा मिला है।पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए हैं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस की कई टीमें घटना के खुलासे में लगाई गई हैं।
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू
यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?
यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR









