गुरुग्राम में 36 वर्षीय कर्मचारी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पत्नी पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया; पुलिस जांच में जुटी
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम के सूरत नगर इलाके में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत 36 वर्षीय कर्मचारी का शव घर में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान संजीव यादव के रूप में हुई है, जो डेन्सो कंपनी में एसोसिएट ऑपरेटर थे। घटना के समय घर में उनकी पत्नी और सात वर्षीय बेटा मौजूद थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पत्नी मनप्रीत कौर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था
पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान संजीव का सात वर्षीय बेटा अपने पिता को फंदे से लटका देखकर मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। वीडियो में उसकी मां मनप्रीत कौर को संजीव को नीचे उतारने के लिए मदद मांगते हुए सुना जा सकता है।परिजनों का आरोप है कि संजीव और उनकी पत्नी मनप्रीत कौर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक की बहन किरण ने दावा किया कि मनप्रीत तलाक की मांग कर रही थी और इसी तनाव के कारण यह घटना हुई। वहीं, संजीव के पिता रामसेवक यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है और इसमें उनकी बहू तथा अन्य लोगों की साजिश हो सकती है।
पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की
परिवार का यह भी कहना है कि संजीव का वजन 100 किलोग्राम से अधिक था, ऐसे में पंखे से लटककर आत्महत्या करने की बात संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार, संजीव और अंबाला निवासी मनप्रीत कौर की मुलाकात डेन्सो कंपनी में नौकरी के दौरान हुई थी। दोनों ने अप्रैल 2018 में प्रेम विवाह किया था। वर्ष 2019 में बेटे के जन्म के बाद मनप्रीत ने नौकरी छोड़ दी थी।
वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा
जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल परिवार की शिकायत के आधार पर मनप्रीत कौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू
यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?
यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR









