एसएमयूपीन्यूज,लखनऊ।उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार, 3 अगस्त से शुरू होकर 6 अगस्त तक चलेगा। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा तथा विधान भवन की अभेद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन योजना लागू कर दी है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार विधानसभा परिसर और उसके आसपास के पूरे क्षेत्र को चार जोन और 10 सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
भारी पुलिस बल रहेगा तैनात
सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में 3 अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP), 11 सहायक पुलिस आयुक्त (ACP), 30 निरीक्षक, 268 उपनिरीक्षक, 617 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 162 महिला आरक्षी और 67 होमगार्ड तैनात रहेंगे।
इसके अलावा 6 कंपनियां PAC/RRF, ATS की तीन विशेष कमांडो टीमें, LIU, 18 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD), दो बम निरोधक दस्ते (BDDS), एक एंटी-माइन टीम और चार एंटी-सैबोटाज चेकिंग टीमें भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगी।
सादी वर्दी में निगरानी, हर गतिविधि पर नजर
पुलिस ने विधानसभा परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सादे कपड़ों में खुफिया टीमों (LIU) को तैनात किया है। सभी प्रवेश द्वारों पर एंटी-सैबोटाज जांच, बम निरोधक दस्तों और एंटी-माइन टीम द्वारा लगातार चेकिंग की जाएगी।
पूरे विधानसभा परिसर की 24 घंटे CCTV कैमरों से निगरानी होगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को समय रहते रोका जा सके।
ATS कमांडो, QRT और मेडिकल टीम भी तैनात
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए ATS कमांडो, फायर सर्विस, मेडिकल टीम और चार क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। रात के समय भी सुरक्षा में कोई कमी न रहे, इसके लिए विशेष पोस्टर पार्टियों की ड्यूटी लगाई गई है।
ट्रैफिक डायवर्जन लागू
विधानसभा सत्र के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। बंदरियाबाग चौराहा, डीएसओ चौराहा, रॉयल होटल चौराहा, परिवर्तन चौक, सिकंदरबाग चौराहा और केकेसी तिराहा सहित कई स्थानों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा। आम लोगों की सुविधा के लिए अलग से ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की जाएगी।
जनता से सहयोग की अपील
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से यातायात डायवर्जन का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।
यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू
यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?
यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR









