लखनऊ । उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की बरेली यूनिट ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 498.35 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड प्रीकर्सर रसायन बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो वाहन, पांच मोबाइल फोन और 1,080 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध के मार्गदर्शन तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ के नेतृत्व में की गई।
चार तस्कर गिरफ्तार
एएनटीएफ ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार हुई है—
जोगेश उर्फ पिंकू निवासी मंडी धनौरा, अमरोहा
वासिद निवासी सहसवान, बदायूं
तेजपाल सिंह निवासी डिडौली, अमरोहा
अरुण कुमार निवासी जोया, अमरोहा
चारों आरोपियों को 18 जुलाई 2026 को बरेली के थाना शाही क्षेत्र में ग्राम जुनहाई बिजलीघर के सामने से गिरफ्तार किया गया।
मादक पदार्थ बनाने में इस्तेमाल होता है रसायन
बरामद एसिटिक एनहाइड्राइड एक ऐसा प्रीकर्सर रसायन है, जिसका इस्तेमाल अवैध मादक पदार्थों के निर्माण में किया जाता है। इसकी तस्करी पर कानून के तहत सख्त प्रतिबंध है। एएनटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से दो वाहन, पांच मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की है।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी जोगेश ने बताया कि चारों आरोपी हरियाणा के मेवात क्षेत्र से यह रसायन खरीदकर लाए थे। जोगेश और वासिद एक कार से गए थे, जबकि अरुण और तेजपाल पिकअप वाहन लेकर पहुंचे थे। मेवात के एक व्यक्ति से रसायन लेकर उसे पिकअप में लादा गया और बदायूं में एक व्यक्ति को सौंपा जाना था। वहां से इसे पश्चिम बंगाल की एक पार्टी को भेजने की योजना थी।आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को वे आपस में बांट लेते थे।
एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना शाही, बरेली में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, रसायन के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई को एएनटीएफ बरेली यूनिट ने थाना शाही पुलिस और एएनटीएफ मुख्यालय की सर्विलांस टीम के सहयोग से अंजाम दिया। अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में मादक पदार्थों और उनसे जुड़े प्रीकर्सर रसायनों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन
यह भी पढ़े : अपराधियों का 100 प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें : डीजीपी
यह भी पढ़े : लंबे समय तक आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंध ‘बलात्कार’ नहीं : हाईकोर्ट
