सुल्तानपुर जाते समय हुआ हादसा, कांग्रेस नेता सुरक्षित; अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में अदालत में पेशी और फैसले पर नजरें
लखनऊ/सुल्तानपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सुल्तानपुर दौरे के दौरान उनके काफिले की कुछ गाड़ियां आपस में टकरा गईं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे में राहुल गांधी सुरक्षित हैं, जबकि कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घटना के कारणों और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
राहुल गांधी सोमवार सुबह अपने आवास से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे। उन्हें यहां विशेष एमपी-एमएलए अदालत में चल रहे मानहानि मामले की सुनवाई के सिलसिले में पहुंचना था। इस मामले में अदालत के संभावित फैसले को लेकर भी राजनीतिक और कानूनी हलकों में नजरें टिकी हुई हैं।
2018 की टिप्पणी से जुड़ा है मामला
यह मानहानि प्रकरण वर्ष 2018 में बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ राहुल गांधी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से संबंधित है। इस टिप्पणी से आहत होने का हवाला देते हुए तत्कालीन भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ सुल्तानपुर की अदालत में परिवाद दायर किया था। परिवादी सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी हैं।
दिसंबर 2023 में अदालत ने किया था तलब
मामले की सुनवाई के दौरान 16 दिसंबर 2023 को राहुल गांधी को अदालत में पेश होने के लिए तलब किया गया था। इसके बाद वह अदालत में पेश हुए और उन्हें जमानत मिल गई। फरवरी 2024 में विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेशी के दौरान राहुल गांधी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए खुद को निर्दोष बताया था।
इसके बाद मुकदमे में बयान और अन्य न्यायिक प्रक्रियाएं आगे बढ़ीं। साक्ष्य संबंधी कार्यवाही पूरी होने के बाद अदालत में अंतिम बहस की प्रक्रिया भी हुई।
वॉयस सैंपल की मांग वाली याचिका खारिज
मामले में परिवादी विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के वॉयस सैंपल की तुलना कराने की मांग भी की थी। हालांकि, ट्रायल कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद इस फैसले को चुनौती देने वाली याचिकाओं को सेशन कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिली।
अब इस मामले में अदालत की आगे की कार्रवाई और संभावित फैसले पर सबकी निगाहें हैं। वहीं, राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियों की टक्कर की घटना के बाद घायल कार्यकर्ताओं की स्थिति और हादसे के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









