होम देश प्रदेश मदद के लिए सड़क पर जुटे ग्रामीणों को ट्रेलर ने रौंदा, 7...

मदद के लिए सड़क पर जुटे ग्रामीणों को ट्रेलर ने रौंदा, 7 की मौत के बाद खूंटी में बवाल

0
17

झारखंड के कर्रा में 18 पहियों वाले ट्रेलर ने सात लोगों को कुचला, 12 साल के बच्चे ने अस्पताल में तोड़ा दम; गुस्साए ग्रामीणों ने टायर जलाकर सड़क जाम की

खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सात परिवारों को उजाड़ दिया। गुरुवार रात सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी सवार की मदद के लिए जुटे ग्रामीणों को तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रेलर-ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बच्चे ने खूंटी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में एक बच्ची भी घायल हुई है।

सात लोगों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार सुबह फूट पड़ा। लोगों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास टायर जलाकर मुख्य सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।

स्कूटी हादसे के बाद मदद के लिए जुटे थे ग्रामीण, तभी काल बनकर आया ट्रेलर

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 10 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के पास एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे के बाद स्कूटी सवार की मदद के लिए आसपास के ग्रामीण सड़क किनारे इकट्ठा हो गए थे। लोग दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति की सहायता करने में जुटे थे।

इसी दौरान तोरपा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा 18 पहियों वाला ट्रेलर-ट्रक वहां पहुंचा और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। भारी वाहन की चपेट में आने से छह लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 12 वर्षीय बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस हादसे में एक बच्ची भी घायल हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

टायर जलाकर किया प्रदर्शन, चालक की गिरफ्तारी की मांग

शुक्रवार सुबह हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कर्रा रेलवे फाटक के पास सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जोने-लुदरू मोड़ पर पर्याप्त रोशनी नहीं है और सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद इस मार्ग से भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं।

ग्रामीणों ने मांग की कि हादसे के जिम्मेदार ट्रेलर चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा दिया जाए। उन्होंने दुर्घटनास्थल पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की भी मांग की।

पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा, अतिरिक्त बल तैनात

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।

जाम हटाने के लिए अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी रही। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया दुख

खूंटी के कर्रा में हुए इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सड़क दुर्घटना में सात लोगों की मौत की खबर से उनका मन व्यथित है।मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने मारांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी