45 कमिश्नरेट, जनपदों और जीआरपी थानों को मिला पीएसी बल, लखनऊ और वाराणसी को दो-दो कंपनियां; अयोध्या दीपोत्सव और चित्रकूट दीपावली मेले के लिए भी विशेष सुरक्षा इंतजाम
लखनऊ, 5 नवंबर। धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैयादूज और छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है। प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 45 विभिन्न कमिश्नरेट, जनपदों और जीआरपी थानों को पीएसी की 34 कंपनी और एक प्लाटून आवंटित की गई है। इस बल को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने प्रदेश के सभी जोनल अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त, परिक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक और जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षकों को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पीएसी बल उपलब्ध कराया गया है।
पुलिस महानिदेशक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवंटित पीएसी बल का उपयोग स्थानीय जरूरत और संवेदनशीलता के आधार पर किया जाए। स्थानीय अभिसूचना तंत्र को सक्रिय रखा जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए। प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ नियमित फुट पेट्रोलिंग और लगातार भ्रमण के जरिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लखनऊ और वाराणसी को दो-दो कंपनियां
पीएसी आवंटन के तहत लखनऊ और वाराणसी कमिश्नरेट को दो-दो कंपनियां दी गई हैं। कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बरेली, मुरादाबाद, आजमगढ़ और गोरखपुर को एक-एक कंपनी आवंटित की गई है। अलीगढ़, अयोध्या को दो-दो कंपनियां दी गई हैं। आगरा को एक प्लाटून, सहारनपुर को एक प्लाटून, मथुरा को एक प्लाटून और मीरजापुर को दो प्लाटून उपलब्ध कराए गए हैं। वाराणसी, मथुरा और गोरखपुर के लिए फ्लड रेस्क्यू प्लाटून की भी व्यवस्था की गई है।
मऊ को एक कंपनी और दो प्लाटून दिए गए हैं। चित्रकूट में दीपावली अमावस्या के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए तीन कंपनियां और दो प्लाटून आवंटित किए गए हैं। इनमें दो प्लाटून फ्लड रेस्क्यू के लिए हैं।
अयोध्या दीपोत्सव के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम
अयोध्या में दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके तहत सात अपर पुलिस अधीक्षक, 20 पुलिस उपाधीक्षक, 27 निरीक्षक, 70 उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, 300 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी तथा 25 महिला आरक्षियों को आवंटित किया गया है।
इसके अतिरिक्त पीएसी, आरएएफ, एटीएस, एनएसजी और एसडीआरएफ की टीमें भी उपलब्ध कराई गई हैं। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
चित्रकूट में तीन कंपनी पीएसी के साथ विशेष व्यवस्था
चित्रकूट में दीपावली अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए विशेष पुलिस बल लगाया जाएगा। यहां दो पुलिस उपाधीक्षक, चार यातायात उपनिरीक्षक और 40 मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी यातायात की तैनाती की गई है।
इसके अलावा तीन कंपनी और दो प्लाटून पीएसी, एक बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), दो एंटी सबोटाज चेक टीम और एसडीआरएफ की एक टीम भी उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस मुख्यालय की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। पीएसी और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था संचालित की जाए, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सकें।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी









