होम उप्र न्यूज़ पुजारी के हाथ-पैर बांधकर मंदिर में लूट, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों...

पुजारी के हाथ-पैर बांधकर मंदिर में लूट, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों को लगी गोली, पांच गिरफ्तार

0
35

बलिया के लखनेश्वर डीह शिव मंदिर से चांदी का छत्र और नाग लूटकर भागे थे बदमाश; पुलिस ने दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार बरामद की

संजीव सिंह,बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में मंदिरों को निशाना बनाकर लूट और चोरी की वारदात करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रसड़ा थाना क्षेत्र के लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर चांदी के छत्र और नाग की लूट करने वाले पांच बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, कारतूस, लूटे गए चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार बरामद की है।

अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को रसड़ा थाना पुलिस आम घाट की ओर जाने वाली सड़क पर लखनेश्वर डीह मंदिर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट की एक इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश की।

पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार से दो बदमाश उतरकर भागने लगे और उन्होंने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, कार में मौजूद तीन अन्य बदमाशों ने भी भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुजारी को बंधक बनाकर लूटे थे चांदी के छत्र और नाग

एएसपी के मुताबिक, पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों ने लखनेश्वर डीह शिव मंदिर में लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों ने बताया कि मंदिर में घुसकर उन्होंने पुजारी को डरा-धमकाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद मंदिर से चांदी का छत्र और चांदी का नाग लूटकर फरार हो गए थे।

घटना के बाद से ही रसड़ा पुलिस लूट में शामिल बदमाशों की तलाश कर रही थी। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। शुक्रवार को चेकिंग के दौरान संदिग्ध इनोवा कार को रोकने की कोशिश में बदमाशों से मुठभेड़ हो गई और गिरोह के पांच सदस्य पुलिस की गिरफ्त में आ गए।

गाजीपुर के पंच मंदिर में भी की थी चोरी

पुलिस की पूछताछ में एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों ने थाना कासिमाबाद, जनपद गाजीपुर क्षेत्र स्थित पंच मंदिर में राधा-कृष्ण के मुकुट चोरी करने की वारदात में भी अपनी संलिप्तता बताई है। पुलिस अब दोनों मंदिरों में हुई घटनाओं के बीच संबंध और आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।

दो तमंचे, कारतूस और इनोवा कार बरामद

अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो 315 बोर के तमंचे, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार बरामद की गई है। इसके अलावा लखनेश्वर डीह शिव मंदिर से चोरी किए गए चांदी के छत्र और नाग भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में जिशान आलम, चंद्रशेखर कुमार और सूरज पासवान समेत पांच लोग शामिल हैं। घायल आरोपियों में जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार के नाम बताए गए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी