होम उप्र न्यूज़ धनतेरस से छठ तक लखनऊ में कड़ा पहरा, बाजारों से लेकर धार्मिक...

धनतेरस से छठ तक लखनऊ में कड़ा पहरा, बाजारों से लेकर धार्मिक स्थलों तक पुलिस अलर्ट, सीसीटीवी-ड्रोन से होगी निगरानी

0
43

पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने जारी किए निर्देश,स्टंटबाजी, नशे में ड्राइविंग और अराजक तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर

लखनऊ । यूपी की राजधानी लखनऊ में आगामी त्योहार धनतेरस,दीपावली, भैया दूज एवं छठ पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने तथा आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट तरुण गाबा द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस गश्त, अपराध नियंत्रण एवं यातायात प्रबंधन के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में समस्त पुलिस उपायुक्त, समस्त सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) एवं थाना प्रभारियों (SHO) को अपने-अपने जोन, सर्किल एवं थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नियमित फुट मार्च एवं वाहन पेट्रोलिंग

समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में प्रतिदिन शाम के समय पर्याप्त पुलिस बल के साथ नियमित फुट मार्च एवं वाहन पेट्रोलिंग सुनिश्चित करेंगे। प्रमुख मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखी जाए।

बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा

प्रमुख बाजारों, शॉपिंग मॉल, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, सर्राफा बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती एवं पिकेट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बाजारों, मॉल, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिसकर्मियों की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मिशन शक्ति टीम एवं एंटी रोमियो टीम द्वारा लगातार भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

पटाखों की दुकानों एवं भंडारण स्थलों की सुरक्षा

आतिशबाजी की दुकानों एवं भंडारण स्थलों का संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरीक्षण किया जाए। निर्धारित सुरक्षा मानकों, अग्निशमन उपकरणों एवं सुरक्षा संबंधी नियमों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। अवैध पार्किंग, अनावश्यक वाहन खड़े होने एवं जाम की स्थिति को रोकने हेतु प्रभावी व्यवस्था की जाए। आवश्यकतानुसार डायवर्जन एवं पार्किंग व्यवस्था लागू कर आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जाए।

रिहायशी एवं सुनसान क्षेत्रों में गश्त

कॉलोनियों, आवासीय परिसरों, सुनसान मार्गों एवं बाहरी क्षेत्रों में नियमित वाहन पेट्रोलिंग की जाए। बंद मकानों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम की जा सके।

स्टंटबाजी एवं नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई

शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, खतरनाक तरीके से ड्राइविंग एवं स्टंटबाजी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।फुट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी व्यापारियों, दुकानदारों, बाजार प्रबंधन समितियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित करें तथा उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जाए।

अराजक एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई

त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी सतर्क दृष्टि रखी जाए तथा अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

सीसीटीवी एवं तकनीकी निगरानी

प्रमुख बाजारों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता सुनिश्चित की जाए। आवश्यकतानुसार ड्रोन एवं अन्य उपलब्ध तकनीकी संसाधनों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी की जाए।सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। किसी भी अप्रिय घटना अथवा आपातकालीन सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करेगी। महत्वपूर्ण स्थलों पर मोबाइल पुलिस टीम एवं क्विक रिस्पॉन्स व्यवस्था सक्रिय रखी जाए।

सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती

भीड़भाड़ वाले बाजारों, सर्राफा प्रतिष्ठानों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर आवश्यकतानुसार सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, जिससे जेबकतरों, टप्पेबाजी, छिनैती एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।फायर सर्विस, एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के साथ समन्वय बनाए रखा जाए। बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अग्निशमन वाहनों एवं एम्बुलेंस के आवागमन हेतु मार्ग बाधामुक्त रखे जाएं। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता

त्योहार के दौरान ऑनलाइन खरीदारी, डिजिटल भुगतान एवं अन्य साइबर गतिविधियों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति आमजन एवं व्यापारियों को जागरूक किया जाए। साइबर अपराध संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

रात्रि गश्त एवं प्रवेश-निकास मार्गों पर निगरानी

रात्रि के समय प्रमुख मार्गों, बाजारों, आवासीय क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। आवश्यकतानुसार चेकिंग प्वाइंट स्थापित कर संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की जांच की जाए। समस्त राजपत्रित अधिकारी अपने-अपने जोन, सर्किल एवं थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था का नियमित पर्यवेक्षण करेंगे। थाना प्रभारी स्वयं फुट मार्च एवं पेट्रोलिंग की निगरानी करते हुए अधीनस्थ पुलिसकर्मियों की सक्रियता सुनिश्चित करेंगे तथा की गई कार्रवाई की नियमित रिपोर्टिंग करेंगे।

दिखनी चाहिए पुलिस की सक्रियता :पुलिस आयुक्त

पुलिस आयुक्त द्वारा विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि दीपावली पर्व के दौरान प्रत्येक थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय, सतर्क एवं प्रभावी उपस्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता न बरती जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।

साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें

दीपावली का पर्व आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। पटाखों का प्रयोग निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। त्योहार के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग एवं डिजिटल भुगतान करते समय विशेष सतर्कता बरतें, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी