होम उप्र न्यूज़ अखिलेश का दावा- चुनाव की तारीख तय होते ही हार जाएगी भाजपा

अखिलेश का दावा- चुनाव की तारीख तय होते ही हार जाएगी भाजपा

0
10

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होते ही भाजपा की हार तय हो जाएगी। उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों को प्री-पेड पार्टी बताते हुए जनता को उनसे सावधान रहने की सलाह दी। मंगलवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यशैली, मतदाता सूची और विधान परिषद चुनाव में मतदान को लेकर भी सवाल उठाए।

इस दौरान बरेली के आंवला से भाजपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी कीर्ति कश्यप और सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग यानी पीडीए की एकजुटता और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुकाबला 80-20 नहीं, बल्कि 90-10 का होगा। यह चुनाव पीड़ितों और उन्हें पीड़ा देने वालों के बीच होगा।

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची को दुरुस्त करने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने मतदाता सूची को आधार से जोड़ने और मतदान में बायोमीट्रिक व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया। साथ ही अधिकारियों के खिलाफ चुनाव आयोग की कार्रवाई पर संदेह जताते हुए आशंका व्यक्त की कि कहीं छोटी कार्रवाई के पीछे किसी बड़ी रणनीति को अंजाम देने की तैयारी तो नहीं है।

किसानों के भुगतान पर किया वादा

सपा अध्यक्ष ने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों का 162 करोड़ रुपये का भुगतान 24 घंटे के भीतर करा दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने इस राशि से संबंधित भुगतान के विवरण का उल्लेख नहीं किया।

वहीं, लखनऊ से सपा प्रत्याशी कांति सिंह की विधान परिषद सीट पर हुए मतदान को लेकर भी अखिलेश यादव ने सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि 97 बूथों पर बिना मोड़े हुए मतपत्र मिले। उन्होंने आशंका जताई कि मतपत्रों को पहले से भरकर लाया गया होगा। सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर चुनाव में बेईमानी कराने का आरोप भी लगाया।

ओवैसी पर तंज, पीडीए की एकजुटता का दावा

अखिलेश यादव ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी तंज कसा। उन्होंने पतंग की डोर, चरखी और फिरकी का जिक्र करते हुए सवाल किया कि इनकी कमान किसके हाथ में है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि पीडीए एकजुट है।

इस मौके पर सपा महासचिव शिवपाल यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोग बुलडोजर और मुठभेड़ की कार्रवाई से परेशान हैं। साथ ही उन्होंने किसानों के साथ अन्याय और बजट में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए।

धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा सरकार पर पिछड़े वर्ग के लोगों को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कश्यप समाज के एक दर्जन से अधिक लोगों की हत्या हो चुकी है और इन घटनाओं में एक विशेष जाति के लोगों की भूमिका रही है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह समाजवादी पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर