डीजीपी राजीव कृष्ण ने पीपीएस ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन के वार्षिक अधिवेशन में दिया आश्वासन,पेंशन और चिकित्सा प्रतिपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान पर रहेगा जोर
लखनऊ। पीपीएस (सेवानिवृत्त) ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन का वार्षिक अधिवेशन बुधवार को पुलिस रेडियो ट्रेनिंग स्कूल, महानगर स्थित सभागार में आयोजित किया गया। एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतेन्द्र पाल सिंह की अध्यक्षता में हुए अधिवेशन में डीजीपी राजीव कृष्ण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। साथ ही ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रक्रिया में आ रही तकनीकी कठिनाइयों को दूर करने के लिए जनपद स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित करने की पहल की बात कही। अधिवेशन में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। एसोसिएशन के महासचिव श्याम पाल सिंह ने नौ सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया। इसमें पेंशन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, ऑनलाइन प्रक्रिया को सरल बनाने, लाइसेंस संबंधी मांगों और विश्राम कक्षों की व्यवस्था सहित कई मुद्दे शामिल रहे। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने का अनुरोध किया।
ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति में मिलेगी तकनीकी मदद
डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑनलाइन चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया में होने वाली तकनीकी परेशानियों को दूर करने के लिए जनपद स्तर पर सहायता केंद्र स्थापित करने की पहल की जाएगी। इन केंद्रों के माध्यम से पेंशनर्स को आवश्यक प्रपत्र भरने, ऑनलाइन आवेदन करने और प्रक्रिया से जुड़े अन्य तकनीकी कार्यों में मदद उपलब्ध कराई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं और सुझावों पर समयबद्ध ढंग से ध्यान दिया जाना जरूरी है। इसके लिए जनपद स्तर पर उनके साथ नियमित संवाद की व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि उनकी समस्याओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचे और उनका समाधान कराया जा सके।

लाइसेंस संबंधी मांग पर शासन स्तर पर होगी वार्ता
अधिवेशन में प्रस्तुत मांगपत्र में शामिल लाइसेंस संबंधी मांग पर डीजीपी ने आश्वासन दिया कि इस विषय को शासन स्तर पर उठाकर वार्ता की जाएगी। इसके बाद उचित निर्देश जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
दिवंगत सदस्यों को दी गई श्रद्धांजलि
अधिवेशन का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुआ। इसके बाद एसोसिएशन के महासचिव श्याम पाल सिंह ने सदन को बताया कि बीते एक वर्ष के दौरान एसोसिएशन के 46 सदस्यों के निधन की सूचना प्राप्त हुई है। इस पर उपस्थित सदस्यों ने दिवंगत साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति कमलेश्वर नाथ, पूर्व पुलिस महानिदेशक विलास मणि त्रिपाठी, ए.के. जैन, रामेश्वर दयाल, अपर पुलिस महानिदेशक प्रशासन प्रशान्त कुमार, पुलिस महानिदेशक के विशेष कार्याधिकारी के.एस. इमैन्यूअल तथा पूर्व पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार मिश्रा और आर.के. चतुर्वेदी सहित अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान
एसोसिएशन के अध्यक्ष गौतेन्द्र पाल सिंह ने मुख्य अतिथि डीजीपी राजीव कृष्ण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों से सक्रिय जीवनशैली अपनाने और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे, समाज तथा पुलिस विभाग को सहयोग देने का आह्वान किया। अधिवेशन के दौरान एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और आमंत्रित सभी विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण, उनकी समस्याओं के समाधान तथा विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









