झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में मंगलवार को सुकवा-ढुकवा बांध में एक साथ तीन युवकों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। तीनों शव बांध के निचले हिस्से में पानी में उतराते मिले। सूचना मिलते ही बबीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकलवाया।
पुलिस के मुताबिक, बांध में शव पड़े होने की सूचना संबंधित जेई ने दी थी। थानाध्यक्ष राहुल सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तलाशी अभियान शुरू कराया। घटनास्थल के पास एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली, जिसका नंबर UP 93 BX 6089 बताया गया। इसी मोटरसाइकिल के आधार पर पुलिस ने युवकों के बारे में जानकारी जुटाई और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाई।
कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे परिजनों ने तीनों युवकों की पहचान कर ली। मृतकों की पहचान राज पुत्र कमलेश कुमार निवासी पेंच मोहल्ला, सीपरी बाजार, रितेश परिहार पुत्र कोमल परिहार निवासी नगरा, थाना प्रेमनगर और नीरज पुत्र घनश्याम निवासी प्रेमनगर, झांसी के रूप में हुई।
बताया गया कि तीनों में एक युवक सीपरी बाजार थाना क्षेत्र और दो प्रेमनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। पुलिस के अनुसार, दोनों थानों में युवकों की गुमशुदगी दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
एक साथ तीन युवकों के शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर तीनों युवक बांध तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
एसपी सिटी प्रीति सिंह के अनुसार, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









