विजिलेंस ने सपा नेता समेत पांच के खिलाफ दर्ज की एफआईआर, निजी फर्म को फायदा पहुंचाने का आरोप
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। राज्य हज समिति की जमीन की बिक्री में कथित अनियमितताओं के मामले में विजिलेंस के लखनऊ सेक्टर ने आजम खां समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जांच में हज समिति को करीब 2.08 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई है।
विजिलेंस की कार्रवाई में आजम खां के अलावा तत्कालीन समिति सचिव लईक अहमद, डॉ. एमएए खान, आमिश डेवलपर्स के प्रोपराइटर मो. अयूब और मुस्तकीम अहमद को आरोपी बनाया गया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि निजी फर्म को फायदा पहुंचाने के लिए पद का दुरुपयोग किया गया और जमीन की बिक्री में निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया गया।
2024 में दिए गए थे जांच के आदेश
मामले की जांच के लिए शासन ने 3 मई 2024 को आदेश जारी किए थे। जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं के आधार पर विजिलेंस ने अब मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
मामले की विवेचना विजिलेंस के इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह को सौंपी गई है। जांच में जमीन की बिक्री की प्रक्रिया, संबंधित दस्तावेजों और कथित वित्तीय नुकसान के पहलुओं को खंगाला जाएगा।
पहले से जेल में हैं आजम खां
आजम खां फिलहाल बेटे अब्दुल्ला आजम से जुड़े दो पैनकार्ड मामले में मिली सजा के चलते जेल में हैं। स्थानीय एमपी-एमएलए अदालत ने इस मामले में आजम खां को 10 साल और अब्दुल्ला आजम को सात साल की सजा सुनाई है। दोनों की ओर से फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील और जमानत अर्जी दाखिल की गई है।
हज समिति की जमीन से जुड़ा यह नया मामला ऐसे समय सामने आया है, जब आजम खां की ओर से हाईकोर्ट में जमानत की कोशिश की जा रही है। नई एफआईआर से उनकी कानूनी चुनौतियां बढ़ गई हैं। हालांकि, इस मामले का उनकी रिहाई पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह आगे की न्यायिक प्रक्रिया और अदालत के आदेश पर निर्भर करेगा।
यह भी पढ़े : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के मानदेय वृद्धि का शासनादेश जारी, इसी माह से लागू
यह भी पढ़े : यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में बोले योगी- अब दंगा, कर्फ्यू और उपद्रव मुक्त है प्रदेश
यह भी पढ़े : घर से साथ निकले थे मां-पिता और बेटा, सड़क हादसे ने एक साथ उजाड़ दिया पूरा परिवार
यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश
यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये









