‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान, 12वीं पास बेटियों को लैपटॉप, 26 हजार बंद स्कूल खोलने और छात्राओं को मुफ्त परिवहन का वादा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और बेटियों को लेकर अपने चुनावी एजेंडे को धार देना शुरू कर दिया है। बुधवार को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव ने महिलाओं के लिए कई बड़े वादों का ऐलान किया। सपा ने सत्ता में वापसी होने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू कर प्रदेश की प्रत्येक महिला को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर इस आर्थिक सहायता को भविष्य में और बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की तरक्की में आधी आबादी की बराबर भागीदारी जरूरी है और सपा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ उनकी सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देगी।
12वीं पास बेटियों को लैपटॉप देने का ऐलान
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर 12वीं कक्षा पास करने वाली बेटियों को लैपटॉप दिए जाएंगे। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल में छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे जाने का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि तकनीक और शिक्षा के जरिए बेटियों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। इसके साथ ही छात्राओं के लिए परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाने और कार्ड के माध्यम से मेट्रो में मुफ्त यात्रा जैसी व्यवस्था लागू करने का भी वादा किया गया।
बंद स्कूल फिर खोलने और साइकिल योजना का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर पहले बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा शुरू कराया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था में सुधार के साथ छात्र-छात्राओं के लिए साइकिल योजना को भी फिर शुरू करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार किए बिना प्रदेश के युवाओं और बेटियों को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भाजपा पर हमला
अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल राजनीतिक नारा नहीं बल्कि सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने सपा सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 महिला हेल्पलाइन और 102 एंबुलेंस सेवा का जिक्र करते हुए अपने कार्यकाल में किए गए कामों को गिनाया।
उन्होंने महिला आरक्षण कानून को लागू करने में हो रही देरी पर भी सवाल उठाया और मांग की कि आगामी चुनाव में ही महिलाओं को इसका लाभ मिलना चाहिए।
डिंपल बोलीं- पीडीए में ‘ए’ यानी आधी आबादी
मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं में महिलाओं का सम्मान और आर्थिक मजबूती शामिल है। उन्होंने पार्टी के पीडीए को ‘आधी आबादी’ से जोड़ते हुए महिलाओं से सामाजिक बंदिशों से बाहर निकलकर अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी क्षमता और अधिकारों को पहचानें तथा शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
योगी सरकार की मुफ्त बस यात्रा योजना पर तंज
अखिलेश यादव ने बुजुर्ग महिलाओं के लिए प्रदेश सरकार की हाल में घोषित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सपा अपनी योजनाओं की घोषणा करती है और उसके बाद सरकार की ओर से मिलती-जुलती योजनाएं सामने आने लगती हैं।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं के लिए बेहतर सार्वजनिक परिवहन, सम्मानजनक सार्वजनिक शौचालय और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही महिलाओं के पहनावे और जीवनशैली को लेकर होने वाली राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी पसंद के अनुसार जीवन जीने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
महिला वोटरों पर सपा की नजर
सपा के इन ऐलानों से साफ है कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में महिलाओं, बेटियों, छात्राओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को केंद्र में रखकर अपना चुनावी अभियान आगे बढ़ाने की तैयारी में है। सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के साथ लैपटॉप, मुफ्त परिवहन, स्कूलों को दोबारा खोलने और साइकिल योजना जैसे वादों के जरिए पार्टी ने महिला मतदाताओं को सीधे साधने की रणनीति का संकेत दिया है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









