‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ, रक्षाबंधन पर 27 से 29 अगस्त तक सहयात्री के साथ भी निशुल्क यात्रा
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रदेश के भीतर परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार के अनुसार, इसका लाभ रोजाना करीब 88,438 महिला यात्रियों को मिल सकता है।
योजना के शुभारंभ के मौके पर सीएम योगी ने महिला सुरक्षा, पेंशन, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पिछली समाजवादी पार्टी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं थी। अब मिशन शक्ति, सेफ सिटी नेटवर्क, 1090 और 112 जैसी सुविधाओं के जरिए महिला सुरक्षा को मजबूत किया गया है।
27 से 29 अगस्त तक सहयात्री के साथ मुफ्त सफर
मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त को प्रदेश की महिलाएं एक सहयात्री के साथ रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रदेश के भीतर मुफ्त यात्रा की स्थायी सुविधा मिलेगी।पात्र महिलाओं की पहचान और यात्रा व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए परिवहन निगम की ओर से विशेष स्मार्ट कार्ड जारी किए जाएंगे। योजना से सरकार पर हर महीने करीब 22.55 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है।

महिला सुरक्षा को लेकर सपा पर हमला
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा को लेकर भय का माहौल था, जबकि अब सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ा है। उन्होंने दावा किया कि 2017 में प्रदेश में करीब 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, जिनकी संख्या अब करीब 45 हजार हो चुकी है और आगामी भर्ती के बाद यह संख्या 50 हजार से अधिक होने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तर प्रदेश बनाना है, जहां बेटियां पढ़ाई, नौकरी और कारोबार के लिए स्वतंत्र रूप से बाहर निकल सकें और रात में भी सुरक्षित घर लौट सकें।
महिलाओं के लिए योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना समेत विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर शिक्षा, रोजगार और उद्यमिता तक सरकार की योजनाएं महिलाओं को अलग-अलग स्तर पर सहायता दे रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार की नारी शक्ति संबंधी पहल महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बुजुर्ग महिलाओं के लिए शुरू की गई मुफ्त बस यात्रा योजना सुविधा के साथ उनके सम्मान और स्वतंत्र आवाजाही को भी बढ़ावा देगी।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









