होम उप्र न्यूज़ अंडे की दुकान को लेकर विवाद में बवाल, भाजपा बूथ अध्यक्ष से...

अंडे की दुकान को लेकर विवाद में बवाल, भाजपा बूथ अध्यक्ष से मारपीट का आरोप, दरोगा निलंबित

0
13

लखनऊ। बंथरा थाना क्षेत्र के खसरवारा गांव में अंडे की दुकान लगाए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार रात उस समय बढ़ गया, जब भाजपा बूथ अध्यक्ष अरविंद कुमार ने एक दरोगा और कुछ पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनके भाई की पिटाई की और बीच-बचाव करने पहुंचे अरविंद के सिर पर पिस्टल की बट से वार कर दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बनी-मोहनलालगंज रोड पर करीब दो घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया।

मामले में पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बंथरा थाने में तैनात उपनिरीक्षक सचिन कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी को सौंपी गई है।

मंदिर के पास अंडे की दुकान को लेकर हुआ विवाद

अरविंद कुमार के मुताबिक, बुधवार रात करीब 8:30 बजे वह गांव में साहिल की दुकान पर गए थे। शनिदेव मंदिर और हनुमान मंदिर के पास अंडे की दुकान लगाए जाने को लेकर उनकी साहिल से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद साहिल ने अपने पिता सारजन और भाई राहुल को बुला लिया। तीनों ने अरविंद के साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अगले दिन थाने आने के लिए कहा।

आधी रात घर पहुंची पुलिस, मारपीट का आरोप

अरविंद का आरोप है कि रात करीब 11 बजे दरोगा सचिन यादव कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने उनके भाई नरेंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पत्नी नीतू ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो दरोगा पर उनके पेट में लात मारने का आरोप है।

इसके बाद पुलिसकर्मी नरेंद्र को पीटते हुए हाईवे की तरफ ले गए। बताया गया कि नरेंद्र वहां से भागकर ओम प्रकाश के घर में छिप गया। आरोप है कि दरोगा और दो पुलिसकर्मी ओम प्रकाश के घर में घुस गए और नरेंद्र के साथ फिर मारपीट की।

बचाने पहुंचे अरविंद के सिर पर पिस्टल की बट से वार का आरोप

अरविंद के मुताबिक, जब वह अपने भाई को बचाने पहुंचे तो दरोगा ने उन पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया गया, जिससे सिर में गंभीर चोट आई।

घटना की जानकारी फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण बनी-मोहनलालगंज रोड पर पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान लाठी भी भांजी। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर करीब दो-दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

एसीपी ने कार्रवाई का भरोसा देकर खुलवाया जाम

हंगामे की सूचना पर एसीपी कृष्णानगर अभिषेक कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।पुलिस के मुताबिक, अरविंद की तहरीर के आधार पर साहिल, उसके पिता सारजन और भाई राहुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

विभाग ने दरोगा को किया निलंबित

पुलिस विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को बंथरा थाना क्षेत्र में दो पक्षों के विवाद के निस्तारण में लापरवाही बरतने और अनुचित व्यवहार के आरोप में उपनिरीक्षक सचिन कुमार यादव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।पूरे मामले की विभागीय जांच अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी को सौंपी गई है। जांच के आधार पर आगे कठोर विभागीय कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

यह भी पढ़े : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के मानदेय वृद्धि का शासनादेश जारी, इसी माह से लागू

यह भी पढ़े : यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में बोले योगी- अब दंगा, कर्फ्यू और उपद्रव मुक्त है प्रदेश

यह भी पढ़े : घर से साथ निकले थे मां-पिता और बेटा, सड़क हादसे ने एक साथ उजाड़ दिया पूरा परिवार

यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश

यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना

यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये