होम देश प्रदेश करमा पूजा विसर्जन के दौरान कोयल नदी में हादसा, चार युवकों की...

करमा पूजा विसर्जन के दौरान कोयल नदी में हादसा, चार युवकों की मौत; एक लापता

0
25

पलामू के दुल्ही गांव में मचा हाहाकार, विसर्जन के बाद नदी में नहाने के दौरान डूबे युवक; एक लापता की तलाश जारी

पलामू। झारखंड के पलामू जिले में करमा पूजा विसर्जन के दौरान बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चैनपुर थाना क्षेत्र के दुल्ही गांव स्थित कोयल नदी में नहाने के दौरान पांच युवक डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अभी लापता है। लापता युवक की तलाश में पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद चार युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमएमसीएच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया।

सुबह करमा पूजा विसर्जन के लिए पहुंचे थे ग्रामीण

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब छह बजे बोकेया के पतरिया गांव के बड़ी संख्या में लोग करमा पूजा के विसर्जन के लिए दुल्ही गांव स्थित कोयल नदी के तट पर पहुंचे थे। यह स्थान गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। पूजा विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कुछ युवक नदी में नहाने लगे।

इसी दौरान नीतीश कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर, राजा सिंह, विशाल पासवान और हेमंत कुमार सिंह समेत अन्य युवक नदी में उतर गए। अचानक पांचों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबता देखकर मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने चार युवकों को नदी से निकाला

हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत नदी में उतर गए और बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से चार युवकों को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उन्हें लेकर एमएमसीएच पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, हादसे में आठ वर्षीय हेमंत कुमार सिंह अभी लापता बताया जा रहा है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान नीतीश कुमार सिंह (18), पिता बाबूलाल सिंह, अमित कुमार ठाकुर (22), पिता पुरानी ठाकुर, राजा सिंह (12), पिता संजय सिंह और विशाल पासवान (16), पिता तिलकधारी पासवान के रूप में हुई है। लापता हेमंत कुमार सिंह (8) पिता सुनील सिंह भी पतरिया गांव का निवासी बताया गया है।

हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। करमा पूजा की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।

विधायक और सांसद प्रतिनिधि ने जताया शोक

घटना की सूचना मिलने के बाद डाल्टनगंज विधायक आलोक कुमार चौरसिया और पलामू सांसद के जिला प्रतिनिधि विजय ओझा भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। उन्होंने हादसे की जानकारी ली और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।पुलिस ने हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। लापता युवक की तलाश के लिए नदी में अभियान जारी है।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर