पुलिस के दो हेड कांस्टेबल भी घायल
शामली। हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में वांछित 50-50 हजार रुपये के दो इनामी शार्प शूटर सोमवार सुबह शामली में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मारे गए आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत निवासी मोहित (22) और सुमित (24) के रूप में हुई है। दोनों पर अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल होने का आरोप था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई थाना कोतवाली शामली, थाना झिंझाना और स्वाट टीम शामली की संयुक्त टीम ने की। मुठभेड़ कैराना रोड पर इंडियन गैस गोदाम के पास हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों शूटर गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस टीम पर भी चली गोलियां, दो हेड कांस्टेबल घायल
मुठभेड़ के दौरान पुलिस टीम के दो जवान भी गोली लगने से घायल हुए हैं। इनमें स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप शामिल हैं। दोनों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर मौके से साक्ष्य जुटाए और बरामद हथियारों की जांच शुरू कर दी है।
मौके से पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से दो पिस्टल के साथ 10 जिंदा और नौ खोखा कारतूस 30 बोर, जबकि एक अन्य पिस्टल के साथ 16 जिंदा और छह खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बैग, मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये की नकदी भी मिली है। बरामद हथियारों और कारतूसों को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
कौन थे मारे गए आरोपी?
पुलिस के अनुसार, मोहित पुत्र स्वर्गीय महेश सोनीपत के बईयापुर खुर्द का रहने वाला था और उसका मूल निवास जटवाड़ा गांव है। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। वहीं सुमित पुत्र धर्मपाल सोनीपत की कुंडली स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था और मूल रूप से ककरौही गांव का निवासी था। उसकी उम्र करीब 24 वर्ष थी।
पुलिस को शुरुआती जांच में मोहित के खिलाफ हरियाणा में करीब 14 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। वहीं सुमित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है। दोनों का अन्य आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
अंकित हत्याकांड में चार शूटरों की भूमिका का दावा
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या में कथित तौर पर चार शूटर शामिल थे। इनमें मोहित और सुमित को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराने का दावा किया है। अब पुलिस की टीमें सत्यम और आर्यन की तलाश में जुटी हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
हत्या के बाद बागपत-लोनी की ओर भागने की मिली थी जानकारी
पुलिस के अनुसार, अंकित बालियान की हत्या के बाद शूटरों के बागपत के रास्ते लोनी की ओर भागने की जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी थी। पुलिस को आशंका थी कि आरोपी वहां से सोनीपत की ओर निकलने की कोशिश कर सकते हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह शामली क्षेत्र में पुलिस टीम और आरोपियों का आमना-सामना हो गया।
पुलिस का कहना है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को गोली लगी। गंभीर हालत में उन्हें जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।फिलहाल पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े अन्य आरोपियों और इस वारदात के पीछे की पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
यह भी पढ़े : सपा का बड़ा महिला कार्ड, सत्ता में आई तो हर महिला को सालाना ₹40 हजार: अखिलेश
यह भी पढ़े : यूपी में 60+ महिलाओं को रोडवेज में मुफ्त सफर, सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
यह भी पढ़े : यूपी में इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बड़ा इजाफा, अब हर महीने मिलेंगे 25 हजार रुपये
यह भी पढ़े : यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा









