होम उप्र न्यूज़ चेहल्लुम पर लखनऊ में हाई अलर्ट, 40-50 हजार लोगों के जुलूस के...

चेहल्लुम पर लखनऊ में हाई अलर्ट, 40-50 हजार लोगों के जुलूस के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

0
12

एसएमयूपीन्यूज,लखनऊ। चेहल्लुम के अवसर पर मंगलवार को निकलने वाले पारंपरिक जुलूस को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था लागू की है। पुलिस के अनुसार, जुलूस में करीब 40 से 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए पूरे पश्चिमी जोन में सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं।

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार के मुताबिक, चेहल्लुम का मुख्य जुलूस नाजिम शाह इमामबाड़ा, विक्टोरिया स्ट्रीट (थाना चौक) से शुरू होकर मेफेयर तिराहा, नक्खास, तुड़ियागंज तिराहा, बिल्लौचपुरा तिराहा, बाजारखाला, कर्बला पुत्तनशाह, हैदरगंज तिराहा, बुलाकी अड्डा और एवरेडी तिराहा होते हुए कर्बला तालकटोरा पहुंचकर संपन्न होगा।

पांच जोन और 18 सेक्टर में बांटी गई सुरक्षा व्यवस्था

जुलूस की सुरक्षा के लिए पूरे पश्चिमी जोन को 5 जोन और 18 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जबकि सेक्टरों की निगरानी पुलिस उपाधीक्षक और निरीक्षक स्तर के अधिकारी करेंगे।

10 कंपनी पीएसी, अर्द्धसैनिक बल और रूफटॉप ड्यूटी

जुलूस मार्ग पर सुरक्षा के लिए 10 कंपनी पीएसी, अर्द्धसैनिक बल, वायरलेस यूनिट और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा एलआईयू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) की टीम सादे कपड़ों में भीड़ के बीच निगरानी करेगी।जुलूस मार्ग पर स्थित ऊंची इमारतों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल नजर रखी जा सके। वहीं, क्लस्टर मोबाइल, क्यूआरटी (Quick Response Team), पीआरवी बाइक और डायल-112 की टीमें लगातार पेट्रोलिंग और चेकिंग करती रहेंगी।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी

पुलिस ने बताया कि जुलूस मार्ग और प्रमुख स्थानों, जिनमें नाजिम साहब का इमामबाड़ा, रौशन अली मस्जिद, बिल्लौचपुरा, कर्बला गेट समेत अन्य संवेदनशील स्थल शामिल हैं, पर 24×7 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जाएगी।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी नजर

चेहल्लुम के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए विशेष सोशल मीडिया सेल सक्रिय रहेगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स (पूर्व में ट्विटर) और व्हाट्सएप सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी। किसी भी भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट के सामने आते ही उसे ब्लॉक कराने के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अफवाहों का तुरंत खंडन किया जाएगा।

रूट मार्च और सुरक्षा बलों की ब्रीफिंग

आयोजन से पहले पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त ब्रीफिंग कर अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पॉइंट तथा रूट प्लान की जानकारी दी गई है। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में राजपत्रित अधिकारियों की निगरानी में रूट मार्च और फ्लैग मार्च कराया गया है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण योजना का पूर्वाभ्यास भी कराया गया है।

ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा लागू

जुलूस के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। आयोजन स्थल और जुलूस मार्ग से जुड़े रास्तों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आम नागरिकों की सुविधा के लिए अलग से विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की जाएगी।

लखनऊ पुलिस की अपील

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा सुरक्षा व्यवस्था और यातायात डायवर्जन में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने कहा कि चेहल्लुम के सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू

यह भी पढ़े : बंगाल में पुलिस भर्ती का बड़ा ऐलान, 1 लाख नए जवानों की होगी भर्ती, दुर्गापूजा से पहले 14 हजार को मिलेगी तैनाती

यह भी पढ़े : दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी: 17 लाख महिलाओं को हर महीने ₹2,500, 1 अगस्त से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?

यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR

यह भी पढ़े : राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारत का दमदार प्रदर्शन, एक गोल्ड, तीन सिल्वर और एक ब्रॉन्ज से ग्लासगो में गूंजा तिरंगा