होम उप्र न्यूज़ रेकी कर बंद मकानों को बनाता था निशाना, 5 लाख के जेवर...

रेकी कर बंद मकानों को बनाता था निशाना, 5 लाख के जेवर और अपाचे बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

0
17

सैरपुर पुलिस और उत्तरी सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी पर चोरी, गैंगस्टर, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज

लखनऊ। राजधानी के सैरपुर थाना क्षेत्र में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक शातिर चोर को सैरपुर पुलिस और उत्तरी सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न चोरी की घटनाओं से जुड़े करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा वारदात में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी रेकी करने के बाद सुनसान और बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को न्याय विहार, सीतापुर रोड निवासी आशीष कुमार ने सैरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25 जुलाई को उनके बंद घर का ताला तोड़कर करीब 2.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। शिकायत के आधार पर थाना सैरपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इसी दौरान 1 अगस्त 2026 को सैरपुर पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल से रैथा अंडरपास की ओर से छठामील की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तरहिया मोड़, कमलाबाद बढ़ौली के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैसल उर्फ छोटू (28 वर्ष) पुत्र अलीम खान, निवासी गऊघाट, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ (मूल निवासी तंबौर, सीतापुर) के रूप में हुई। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के कई मामलों से संबंधित बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण बरामद हुए। इनमें पांच सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, बच्चों की दो चेन, बच्चों के दो कड़े, पांच जोड़ी पायल, तीन बच्चों के आभूषण, चांदी का चम्मच, चार बिछिया, दो सिक्के, एक जोड़ी टॉप्स सहित अन्य सामान शामिल है। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त वाहन संख्या UP-32 JC-4808 वाली सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद कर सीज कर दी गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले इलाके की रेकी करता था। जब उसे यह सुनिश्चित हो जाता था कि मकान बंद है, तब वह ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ लखनऊ, सीतापुर और बाराबंकी के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

सैरपुर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि राजधानी में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़े : अधिवक्ताओं के लिए CM योगी का बड़ा ऐलान, कैशलेस इलाज की सुविधा जल्द होगी लागू

यह भी पढ़े : बंगाल में पुलिस भर्ती का बड़ा ऐलान, 1 लाख नए जवानों की होगी भर्ती, दुर्गापूजा से पहले 14 हजार को मिलेगी तैनाती

यह भी पढ़े : दिल्ली लक्ष्मी योजना को मंजूरी: 17 लाख महिलाओं को हर महीने ₹2,500, 1 अगस्त से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन

यह भी पढ़े : लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा कौन हैं?

यह भी पढ़े : मुख्तार अंसारी गैंग के हथियारों पर STF का बड़ा खुलासा, गाजीपुर में 5 FIR

यह भी पढ़े : राष्ट्रमंडल खेल 2026: भारत का दमदार प्रदर्शन, एक गोल्ड, तीन सिल्वर और एक ब्रॉन्ज से ग्लासगो में गूंजा तिरंगा