गाजियाबाद में विपक्ष पर सीएम योगी का बड़ा हमला
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को व्यापारी पर बम फेंकने या कट्टा-बम बनाने वालों से कोई आपत्ति नहीं थी, उन्हें शिवभक्तों के “हर-हर” और “बम-बम” के उद्घोष से परेशानी होती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा के मुंह से आस्था की बातें हास्यास्पद लगती हैं, क्योंकि उनके शासनकाल में कांवड़ यात्रा, रामनवमी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर प्रतिबंध लगाए जाते थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद के मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये की लागत वाली 90 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया, प्रदर्शनी का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद भी किया।
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद कांवड़ यात्रा को लेकर पुरानी व्यवस्था बदली गई। उन्होंने बताया कि पहले यह धारणा बनाई जाती थी कि कांवड़ यात्रा से दंगे हो सकते हैं, लेकिन उनकी सरकार ने शिवभक्तों को सुरक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि सच्चा शिवभक्त अनुशासन और मर्यादा का पालन करता है तथा समाज में समरसता का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि आज हरिद्वार से गाजियाबाद तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा देश की सबसे बड़ी यात्रा बन चुकी है, जिसे देखने के लिए देश-विदेश से लोग आते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी कांवड़ संघों और श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा प्रशासन के साथ समन्वय रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर कॉरिडोर, पुरा महादेव में आदियोगी प्रतिमा, अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और मां विंध्यवासिनी धाम जैसे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार आस्था और विकास दोनों को समान महत्व दे रही है।
विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद अब सुशासन और आधुनिक बुनियादी ढांचे की पहचान बन चुका है। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल, बेहतर सड़कें, स्वच्छता, एक्सप्रेसवे और अन्य परियोजनाओं ने क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत होने से निवेश बढ़ा है, रोजगार के नए अवसर बने हैं और विकास को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सुशासन का नया मॉडल देखा है। उन्होंने दावा किया कि पहले सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाता था, जबकि अब पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से गरीबों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है।कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, बागपत सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान, महापौर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल त्यागी सहित भाजपा के कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन
यह भी पढ़े : अपराधियों का 100 प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें : डीजीपी
यह भी पढ़े : लंबे समय तक आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंध ‘बलात्कार’ नहीं : हाईकोर्ट
