मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शनिवार शाम एक युवक और युवती के रामगंगा नदी में छलांग लगाने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना कटघर पुलिस, एनडीआरएफ की टीम और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा दोनों की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक दोनों का कोई पता नहीं चल सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे युवक और युवती कटघर पुल के पास पहुंचे। दोनों कुछ देर तक नदी किनारे खड़े रहे और फिर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर अचानक रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की पहचान कटघर थाना क्षेत्र के सूरज नगर निवासी तुषार के रूप में हुई है। युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान करने के साथ-साथ घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
जांच के दौरान एक महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। नदी में छलांग लगाने से पहले तुषार ने अपने ताऊ को मोबाइल पर एक संदेश भेजा था। संदेश में लिखा था, “मुझे मत ढूंढ़ना। मेरी बुलेट कटघर पुल पर खड़ी है। दूसरी चाबी लेकर उसे ले जाना।” यह संदेश मिलने के बाद परिजन और पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। हालांकि रामगंगा नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि युवती की पहचान और पूरे घटनाक्रम के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों के मिलने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
यह भी पढ़े : यूपी में देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 20 IAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के CDO बदले
