लखनऊ। राजधानी के सआदतगंज थाना क्षेत्र स्थित रामनगर सी-ब्लॉक में एक 17 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सआदतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान रजनी (17) पुत्री रामशरण, निवासी ग्राम सुल्तानपुर, थाना सदरपुर, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। वह अविवाहित थी और पिछले करीब तीन वर्षों से रामनगर सी-ब्लॉक निवासी रामगोपाल वर्मा के घर घरेलू कार्य (झाड़ू-पोछा) करती थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय रजनी ने मकान के बाथरूम में फांसी लगा ली। बताया गया कि मकान स्वामी ने पुलिस को सूचना दिए बिना उसे फंदे से उतारकर मकान के बरामदे में लिटा दिया था। पुलिस के अनुसार, रामगोपाल वर्मा की मोहन रोड स्थित फतेहगंज चौराहे पर ज्वेलरी की दुकान है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों से प्राप्त तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और विवेचना के दौरान मिलने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन
यह भी पढ़े : अपराधियों का 100 प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करें : डीजीपी
यह भी पढ़े : लंबे समय तक आपसी सहमति से बने शारीरिक संबंध ‘बलात्कार’ नहीं : हाईकोर्ट









