लखनऊ। राजधानी के कृष्णानगर क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कान्हा उपवन के पास निर्माणाधीन सड़क पर तेज रफ्तार और बदहाल रास्ता तीन बाइक सवारों के लिए काल बन गया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।

अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर फिसल गई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मेहराब ट्रैक्टर गोदाम के पास एलडीए द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क बेहद संकरी और उबड़-खाबड़ हो चुकी है। शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक वहां से गुजर रहे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात वाहन ने बाइक के बेहद करीब से कट मारा। अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर फिसल गई और तीनों युवक जोरदार तरीके से गिर पड़े।

मृतक और घायल तीनों अलीनगर सुनहरा इलाके के रहने वाले

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को आनन-फानन में लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद संजय रावत (38) और कमल (37) को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र उर्फ टक्के को प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।मृतक और घायल तीनों कृष्णानगर थाना क्षेत्र के अलीनगर सुनहरा इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही

अस्पताल पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन का पता लगाया जा सके।स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अधूरी सड़क, धूल, गड्ढे और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण यह इलाका लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *