लखनऊ। राजधानी लखनऊ के थाना बीबीडी क्षेत्र स्थित इंदिरा डैम शुक्रवार को एक बार फिर दर्दनाक हादसे का गवाह बन गया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए डैम में नहाने उतरे 28 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

नहाते समय एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे बीबीडी पुलिस को सूचना मिली कि इंदिरा डैम में नहाते समय एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते युवक पानी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक थाना बीबीडी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला

काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया। उसकी पहचान सूरज कुमार पुत्र राम स्वरूप निवासी सरायशेख थाना बीबीडी, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार उस समय युवक की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद उसे आनन-फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचाया गया।मगर अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने परीक्षण कर सूरज कुमार को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

इंदिरा डैम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे

पुलिस ने अस्पताल से प्राप्त डेथ मेमो के आधार पर शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घटना के बाद इंदिरा डैम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मियों में बड़ी संख्या में युवक यहां नहाने पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर कोई ठोस इंतजाम नहीं हैं।फिलहाल थाना बीबीडी पुलिस पूरे मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *