संजीव सिंह,बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में शुक्रवार रात दिल्ली पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। शहर के शीश महल इलाके स्थित एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर पुलिस ने कई नाबालिग लड़कियों समेत कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गुमशुदगी के मामले की जांच के सिलसिले में बलिया पहुंची थी
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस की टीम एक नाबालिग लड़की की गुमशुदगी के मामले की जांच के सिलसिले में बलिया पहुंची थी। दोपहर से ही पुलिस टीम गुप्त रूप से स्पा सेंटर पर नजर बनाए हुए थी। देर शाम सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा और शहर कोतवाल विपिन सिंह की मौजूदगी में स्पा सेंटर पर छापा मारा गया।छापेमारी के दौरान पुलिस सात नाबालिग लड़कियों और एक महिला को स्पा सेंटर से बाहर लेकर आई। इसके साथ ही स्पा संचालक समेत दो युवकों को भी हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
जांच के दौरान स्पा सेंटर का लिंक सामने आया था
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में दर्ज गुमशुदगी के मामले में जांच के दौरान स्पा सेंटर का लिंक सामने आया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस अब सभी लड़कियों और युवकों को स्थानीय अदालत तथा बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश करने की तैयारी में है। शहर कोतवाल विपिन सिंह ने बताया कि मामले में दिल्ली पुलिस जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नाबालिग लड़कियों की सुरक्षा और काउंसलिंग को प्राथमिकता दी जा रही है।