सहारनपुर । मिर्जापुर थाना क्षेत्रों में मिले युवक-युवती के शवों के मामले में पुलिस ने एक बेहद सनसनीखेज डबल मर्डर का खुलासा किया है। यह मामला प्रेम संबंध, आपसी विवाद और सुनियोजित साजिश का खौफनाक रूप बनकर सामने आया है।पुलिस जांच के अनुसार, मृतक युवती की पहचान बागपत की अर्जुन पुरम कॉलोनी निवासी राखी कश्यप के रूप में हुई है, जबकि युवक विक्रांत था, जो बागपत के डूडा कार्यालय में संविदा पर प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। दोनों के बीच प्रेम संबंध था और जल्द ही शादी की योजना भी बना रहे थे।
विक्रांत का शव हसनपुर लोटनी गांव के पास लिंक नहर में मिला था
जांच में सामने आया कि 17 अप्रैल को विक्रांत का शव बड़गांव थाना क्षेत्र के हसनपुर लोटनी गांव के पास लिंक नहर में मिला था। उसके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। शुरुआती दौर में उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। इसी तरह 27 अप्रैल को मिर्जापुर थाना क्षेत्र के नौगांव के पास रजबहे में एक युवती का गला कटा शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान बाद में राखी कश्यप के रूप में हुई।पूरे मामले का खुलासा मोबाइल लोकेशन और संदिग्धों से पूछताछ के बाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, राखी और विक्रांत के अलावा 4-5 लोगों का एक ग्रुप था, जो अक्सर साथ रहता था। कुछ दिन पहले सभी बागपत में एक साथ पार्टी कर रहे थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोपियों को डर था कि राखी कहीं राज न खोल दे
इसी दौरान विक्रांत को गोली लगी। यह गोली योजनाबद्ध तरीके से मारी गई या हादसे में चली, इसकी जांच अभी जारी है।घायल विक्रांत को अस्पताल ले जाने के बजाय आरोपियों ने उसे कार में डालकर बड़गांव क्षेत्र की नहर में फेंक दिया, ताकि मामला छिपाया जा सके। उसके शरीर पर बाद में भारी वस्तु से वार भी किए गए थे।इसके बाद आरोपियों को डर था कि राखी कहीं राज न खोल दे। इसी आशंका के चलते उसकी हत्या की साजिश रची गई। योजना के तहत राखी को मिर्जापुर क्षेत्र के एक फार्महाउस बुलाया गया, जहां पार्टी के दौरान चाकू से उसका गला रेत दिया गया। हत्या के बाद शव को रजबहे में फेंक दिया गया, जहां से पुलिस ने उसे बरामद किया।
इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी सुधारस अभी फरार है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।एसएसपी के अनुसार, यह पूरा मामला आपसी रिश्तों, अविश्वास और साजिश का परिणाम प्रतीत होता है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।इस सनसनीखेज डबल मर्डर ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
