नई दिल्ली । नई दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में एक बार फिर बड़ी बढ़ोतरी की गई है। सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में करीब 1000 रुपये तक का इजाफा किया है।इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के मुताबिक, बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 2,078.50 रुपये से बढ़कर 3,071.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 3,202 रुपये, मुंबई में 3,024 रुपये और चेन्नई में 3,237 रुपये पहुंच गई है।

पिछले पांच महीनों में यह छठी बार बढ़ा दाम

यह सिलेंडर मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होता है। लगातार बढ़ती कीमतों से इन क्षेत्रों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ने की संभावना है। पिछले पांच महीनों में यह छठी बार है जब कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले अप्रैल, मार्च, फरवरी और जनवरी में भी कीमतों में इजाफा किया गया था, जबकि दिसंबर 2025 में कुछ राहत मिली थी।हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है।

डिलीवरी प्रक्रिया को सुरक्षित बनाने के लिए नया ओटीपी सिस्टम लागू

फिलहाल दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये, मुंबई में 912.50 रुपये, कोलकाता में 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये बनी हुई है।इसके साथ ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने के लिए नया ओटीपी सिस्टम लागू किया गया है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दिखाना अनिवार्य होगा। बिना ओटीपी के सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।तेल कंपनियों का कहना है कि इस कदम से कालाबाजारी पर रोक लगेगी और पारदर्शिता बढ़ेगी।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *