होम देश प्रदेश रामलीला मैदान में महारैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 50 हजार...

रामलीला मैदान में महारैली के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 50 हजार की क्षमता

0
20

इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट; भीड़ प्रबंधन से लेकर बसों की पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था तक की गई तैयारी

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को विपक्षी इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली आयोजित की जा रही है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, कथित वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में बुलाई गई इस रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आयोजन स्थल की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और विभिन्न राज्यों से आने वाले वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए अलग-अलग स्तर पर तैयारियां की गई हैं।

दिल्ली पुलिस के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने रैली की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को दो प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है। पहला आयोजन स्थल यानी रामलीला मैदान के भीतर की व्यवस्था और दूसरा रैली व प्रस्तावित मार्च के मार्ग पर सुरक्षा इंतजाम। उन्होंने बताया कि मिंटो ब्रिज से जवाहरलाल नेहरू मार्ग (जेएलएन) होते हुए चमन लाल मार्ग तक प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर पूरे रूट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

डीसीपी के अनुसार, रामलीला मैदान के अंदर लगभग 45 से 50 हजार लोगों के बैठने और मौजूद रहने की क्षमता है। यदि इससे अधिक संख्या में लोग पहुंचते हैं तो अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बाहर के इलाकों का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जवाहरलाल नेहरू मार्ग, आसफ अली मार्ग और चमन लाल मार्ग पर अतिरिक्त भीड़ को व्यवस्थित करने की योजना बनाई गई है, ताकि आयोजन स्थल के भीतर भीड़ का दबाव न बढ़े और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा न हो।

दिल्ली पुलिस पर असहयोग और रैली में बाधा डालने के आरोपों के संबंध में डीसीपी ने कहा कि पुलिस और आयोजकों के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह के दौरान तैयारियों को लेकर कई बैठकें हुई हैं और दोनों पक्षों के बीच अच्छा तालमेल है।

रैली में शामिल होने के लिए अलग-अलग राज्यों से आने वाली बसों और अन्य वाहनों की आवाजाही को लेकर भी विशेष व्यवस्था की गई है। डीसीपी ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय करके राजघाट डिपो और दिल्ली गेट के पास बसों के रुकने के लिए निर्धारित स्थान बनाए गए हैं। जिन इलाकों में बड़ी संख्या में लोगों की पैदल आवाजाही होगी, वहां बसों और चार पहिया वाहनों को जाने से रोका जाएगा, ताकि किसी तरह की दुर्घटना का खतरा न रहे। पैदल आने-जाने वाले लोगों के लिए रास्ते खुले रहेंगे।

वहीं, जॉइंट पुलिस कमिश्नर मधुर वर्मा ने बताया कि रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू रखने के लिए अधिकारी-केंद्रित व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। साथ ही रैली में शामिल होने और प्रदर्शन करने आ रहे लोगों की सुरक्षा भी पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी