रत्नागिरि। महाराष्ट्र के रत्नागिरि जिले में मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। लांजा तालुका में अंजनारी पुल के पास लोहे की छड़ें लेकर जा रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने हथखंबा हाईवे ट्रैफिक पुलिस यूनिट की सरकारी बोलेरो को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की गाड़ी सड़क से फिसलकर करीब 80 से 100 फीट नीचे खड़ी ढलान से होते हुए अंजनारी नदी की ओर जा गिरी और पलट गई। हादसे में असिस्टेंट पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) संतोष अप्पासाहेब गायकवाड़ (51) और कंटेनर चालक की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हथखंबा ट्रैफिक पुलिस यूनिट की सरकारी बोलेरो को अंजनारी पुल के नीचे नदी में एक वाहन गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम इसी सूचना पर घटनास्थल की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे लोहे की छड़ों से लदे कंटेनर ने बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर गहरी ढलान में जा गिरा। कंटेनर भी सड़क से नीचे उतरकर खाई में पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही लांजा के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर कदम, पुलिस इंस्पेक्टर दीपाली जाधव, असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सत्यराज घुले, सब-इंस्पेक्टर बलवंत पाटिल समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्हें पहले पाली ग्रामीण अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, फिर बेहतर इलाज के लिए रत्नागिरि जिला सरकारी अस्पताल भेजा गया।
इलाज के दौरान एएसआई संतोष अप्पासाहेब गायकवाड़ ने दम तोड़ दिया। कंटेनर चालक की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पुलिसकर्मी अनिल अशोक शिंगाड़े को आगे के इलाज के लिए सांगली भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
इस हादसे ने मुंबई-गोवा नेशनल हाईवे पर अंजनारी पुल के पास सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। तीखे मोड़ और खड़ी ढलान वाले इस हिस्से में तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। घटना के बाद इस मार्ग पर गति नियंत्रण और अतिरिक्त सुरक्षा इंतजामों की जरूरत फिर चर्चा में है।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी









