एएनटीएफ ने 6.4 किलो मॉर्फीन के साथ पिस्टल, कारतूस और वाहन किए बरामद; पूछताछ में हेरोइन बनाने और सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा
लखनऊ। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की लखनऊ यूनिट ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 किलो 400 ग्राम मॉर्फीन बरामद की है। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मॉर्फीन की अनुमानित सरकारी कीमत 13 करोड़ रुपये और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 32 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान एक .32 बोर पिस्टल, पांच जीवित कारतूस, छह मोबाइल फोन, तीन वाहन और 16,170 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
हेरोइन बनाने और सप्लाई करने का आरोप
एएनटीएफ के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त केवल मादक पदार्थों की ढुलाई तक सीमित नहीं थे, बल्कि कथित तौर पर हेरोइन बनाने की प्रक्रिया में भी सक्रिय रूप से शामिल थे। इसके लिए वे अलग-अलग स्रोतों से कच्चा माल खरीदते थे। इसमें क्रूड मॉर्फीन और अमोनियम क्लोराइड शामिल थे।
जांच में यह भी सामने आया कि हेरोइन निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रासायनिक पदार्थ एसिटिक एनहाइड्राइड की आपूर्ति मुरादाबाद निवासी पिंकू करता था। एजेंसी के अनुसार, तैयार हेरोइन की सप्लाई बरेली, बाराबंकी और लखनऊ के विभिन्न वितरकों तक की जाती थी।
करीब एक साल से चल रही थी अवैध इकाई
पूछताछ के आधार पर एएनटीएफ ने बताया कि अभियुक्त कथित तौर पर लगभग एक वर्ष से अवैध मादक पदार्थ निर्माण इकाई संचालित कर रहे थे। जांच में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है।
एजेंसी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी पिंकू एसिटिक एनहाइड्राइड की आपूर्ति करने वाले उस नेटवर्क का सदस्य है, जिसे एएनटीएफ पहले से चिह्नित कर निगरानी में रखे हुए है। इस नेटवर्क के विरुद्ध पहले से कार्रवाई की जा रही है।
तीन अन्य व्यक्ति वांछित
एएनटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों अभियुक्त तीन अन्य व्यक्तियों के निर्देश पर काम कर रहे थे। ये तीनों फिलहाल वांछित हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जांच एजेंसी मादक पदार्थों के निर्माण, आपूर्ति और वितरण से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
पिस्टल, कारतूस और तीन वाहन बरामद
कार्रवाई में बरामद सामान में 6 किलो 400 ग्राम मॉर्फीन, एक .32 बोर पिस्टल, पांच जीवित कारतूस, दो आईफोन, चार कीपैड मोबाइल फोन, एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, एक हुंडई वेन्यू कार और 16,170 रुपये नकद शामिल हैं।
एएनटीएफ के अनुसार, इस संगठित मादक पदार्थ निर्माण और तस्करी नेटवर्क के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका और नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









