पारख महासंघ की आत्मसम्मान रथ यात्रा का नौ स्थानों पर स्वागत, समान शिक्षा और नशामुक्त समाज का दिया संदेश; विकास किशोर ने भाजपा में मिली जिम्मेदारी पर जताई नाराजगी
सुरेन्द्र कुमार,मलिहाबाद, लखनऊ। अपराधमुक्त शिक्षा, नशामुक्त समाज और सभी के लिए समान शिक्षा की मांग को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर के नेतृत्व में पारख महासंघ के बैनर तले आत्मसम्मान रथ यात्रा निकाली गई। यात्रा का समापन देर शाम हुआ। इस दौरान कौशल किशोर ने कहा कि गरीब हो या अमीर, सभी को एक समान शिक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को कक्षा छह से ही अपराध के दुष्परिणामों के बारे में पढ़ाने की जरूरत बताई, ताकि युवा अपराध की दुनिया से दूर रहें।
नशे से खुद को और परिवार को बचाने की अपील
रथ यात्रा को संबोधित करते हुए कौशल किशोर ने लोगों से खुद के साथ अपने बच्चों को भी नशे से दूर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को बर्बाद करने के साथ पूरे परिवार को भी प्रभावित करती है। समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जागरूकता जरूरी है।
रहीमाबाद में संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि थाना, तहसील और अस्पताल सहित सरकारी कार्यालयों में यदि किसी व्यक्ति को सम्मान नहीं मिलता या गरीबों, वंचितों और पीड़ितों की आवाज नहीं सुनी जाती, तो उनके सम्मान और न्याय के लिए कार्यकर्ताओं के साथ संबंधित स्थानों का घेराव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को सम्मान दिलाने और न्याय के लिए आवाज उठाई जाएगी।
‘प्रदेश उपाध्यक्ष बनाकर लॉलीपॉप दिया’: विकास किशोर
आत्मसम्मान रथ यात्रा के दौरान कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर ने भाजपा में अनुसूचित मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें उपाध्यक्ष बनाकर ‘लॉलीपॉप’ दिया है, जो उन्हें मंजूर नहीं है।
विकास किशोर ने अपनी बात रखते हुए कहा कि उन्होंने जितनी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिया, उतनी बार अपने माता-पिता का नाम भी नहीं लिया होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेताओं ने उनके पिता को हराने के साथ ही पार्टी का विरोध किया। उनके इस बयान ने रथ यात्रा के दौरान राजनीतिक चर्चा को भी जगह दी।
नौ स्थानों पर हुआ रथ यात्रा का स्वागत
आत्मसम्मान रथ यात्रा की शुरुआत काकोरी के दुर्गागंज से हुई। इसके बाद यात्रा का माल क्षेत्र के गौरैया, माल, गहदों, ससपन और रहीमाबाद सहित अटौरा, मलिहाबाद कस्बा और कसमंडी कलां में स्वागत किया गया। कुल नौ स्थानों पर यात्रा का स्वागत हुआ।
इस मौके पर विधायक जयदेवी कौशल, ब्लॉक प्रमुख निर्मल वर्मा, जितेंद्र गौतम, अंजू सिंह, नवीन यादव, ओमप्रकाश साहू, सिराज अहमद, आदर्श सिंह, सतीश गोस्वामी, मीनू वर्मा, पंकज प्रधान और राजू कोयला वाले सहित हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









