होम उप्र न्यूज़ डीजीपी राजीव कृष्ण ने नशे के खिलाफ अखिल भारतीय बाइक रैली को...

डीजीपी राजीव कृष्ण ने नशे के खिलाफ अखिल भारतीय बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

0
15

राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में लखनऊ से शुरू हुई रैली, 31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचेगा दल; यूपी में इस साल 6,076 तस्कर गिरफ्तार

लखनऊ। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के उपलक्ष्य में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार, 17 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय से अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली रवाना की गई। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ की थीम पर निकाली जा रही इस रैली का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त भारत के राष्ट्रीय संकल्प को मजबूत करना है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अपने संबोधन में कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के सशक्त और अखंड भारत के सपने को साकार करने के लिए युवा पीढ़ी का नशामुक्त होना बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार का ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान नशे के खिलाफ देश की सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध लड़ाई उत्तर प्रदेश सरकार की अपराध के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। उत्तर प्रदेश पुलिस इस राष्ट्रीय अभियान में पूरी प्रतिबद्धता के साथ भागीदारी कर रही है।

युवाओं तक पहुंचाया जाएगा नशामुक्ति का संदेश

रैली के माध्यम से ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ और ‘से नो टू ड्रग्स’ का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाएगा। इसमें विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम रास्ते में पड़ने वाले विद्यालयों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद करेगी। उन्हें नशे के दुष्परिणामों और इससे होने वाले सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही नशे की लत से जूझ रहे लोगों और उनके परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार की राष्ट्रीय हेल्पलाइन ‘मानस’ के टोल फ्री नंबर 14446 का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं और नागरिकों को नशामुक्त भारत के संकल्प से जोड़ने का प्रयास होगा।

इस साल 6,076 नशा तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश पुलिस नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े 4,197 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 36,088 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए और 6,076 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं, ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत 1,72,246 किलोग्राम मादक पदार्थों का निस्तारण किया गया है। इनकी अनुमानित कीमत करीब 418 करोड़ रुपये बताई गई है। मादक पदार्थों के निस्तारण के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है।

80 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई

नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ भी उत्तर प्रदेश पुलिस कार्रवाई कर रही है। एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68ई और 68एफ के तहत 96 मामलों में लगभग 80.33 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की गई है। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।

वर्ष 2026 में पीआईटी एनडीपीएस अधिनियम के तहत 76 मामलों में निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। प्रदेश में अब तक नशे के कारोबार से जुड़े 26 गिरोहों का भंडाफोड़ किया जा चुका है, जबकि 19 अंतरराज्यीय गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसके अतिरिक्त, पांच गुप्त प्रयोगशालाओं को भी नष्ट किया गया है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की कार्रवाई

उत्तर प्रदेश पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने अपने गठन के बाद से अब तक 504 मुकदमे दर्ज किए हैं। इस दौरान 45,292 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए और 1,364 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य करीब 554 करोड़ रुपये बताया गया है।

पांच जांबाज राइडर्स लेकर निकली रैली

अखिल भारतीय मोटरसाइकिल रैली में उत्तर प्रदेश पुलिस के पांच जांबाज राइडर्स रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हिस्सा ले रहे हैं। सभी राइडर्स विशेष राइडिंग किट से सुसज्जित हैं। रैली को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए मोबाइल कमांड कंट्रोल रूम से युक्त स्टाफ मिनी बस, लॉजिस्टिक्स ट्रक और प्राथमिक उपचार की सुविधाओं तथा आवश्यक दवाओं से लैस एंबुलेंस भी साथ चल रही है।

31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचेगा रैली दल

लखनऊ से शुरू हुई यह रैली इटावा होते हुए आगरा पहुंचेगी। इसके बाद मथुरा और गौतमबुद्धनगर से होते हुए दिल्ली में प्रवेश करेगी। दिल्ली में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर आयोजित कार्यक्रमों की तैयारियों के बाद 21 अक्टूबर को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ रैली आगे बढ़ेगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रैली जयपुर, अजमेर, उदयपुर और गांधीनगर होते हुए 26 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) पहुंचेगी। इसके बाद 31 अक्टूबर को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के मुख्य समारोह और परेड में रैली के प्रतिभागी ‘राइड पास्ट’ सहित निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

डीजीपी ने राइडर्स को दी शुभकामनाएं

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने रैली में शामिल राइडर्स और सहयोगी स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने अनुशासन, सतर्कता और उत्साह के माध्यम से पूरे देश में उत्तर प्रदेश पुलिस की उत्कृष्ट छवि प्रस्तुत करें। उन्होंने रैली के दौरान आयोजित होने वाले नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए अधिक से अधिक युवाओं और नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया।डीजीपी ने मार्ग में पड़ने वाले जिलों के पुलिस अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों को रैली दल की सुरक्षा, सुगम एस्कॉर्ट तथा आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर पुलिस मुख्यालय के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े : मेरठ सांप कांड में खौफनाक साजिश का अंत! पति की हत्या कर सांप से कटवाया, पत्नी और प्रेमी को फांसी

यह भी पढ़े : यूपी में महानवमी पर 19 अक्टूबर को भी छुट्टी, योगी सरकार ने घोषित किया सार्वजनिक अवकाश

यह भी पढ़े : टेस्ला की उड़ने वाली कार का कमाल, हवा में पलटी और फिर सुरक्षित उतरी रोडस्टर

यह भी पढ़े : 75 साल के रामसुगर को 30 साल की रानी से हुआ प्यार, सगाई का वीडियो वायरल

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर