होम देश प्रदेश महिला के घर में पकड़े गए ASI ने चलाईं गोलियां, ग्रामीण की...

महिला के घर में पकड़े गए ASI ने चलाईं गोलियां, ग्रामीण की मौत; 25 हजार का इनाम घोषित

0
25

मधुबनी में तीन अन्य लोग घायल, आरोपी पुलिसकर्मी निलंबित; गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित

मधुबनी। बिहार के मधुबनी जिले में एक पुलिसकर्मी की कथित फायरिंग से एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। आरोप है कि बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) एक महिला के घर में मौजूद था। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे पकड़कर कमरे में बंद कर दिया। वहां से निकलने की कोशिश में एएसआई ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से चार राउंड फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं और सूचना देने वाले के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे की है। बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव में पुलिस पिकेट के पास यह घटनाक्रम हुआ। वहां प्रतिनियुक्त एएसआई गांव की एक महिला के घर में मौजूद था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। बताया गया कि कुछ अन्य लोगों ने भी उसे घेर रखा था।

भागने की कोशिश में चार राउंड फायरिंग का आरोप

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों के घेरे से निकलने और भागने के प्रयास में एएसआई ने अपनी सरकारी सर्विस पिस्टल से चार गोलियां चलाईं। फायरिंग में चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बाबूबरही थानाध्यक्ष पुलिस गश्ती वाहन से घायलों को सदर अस्पताल, मधुबनी लेकर पहुंचे। वहां उपचार के दौरान अशोक यादव (50) की मौत हो गई। तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।

एसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 तथा सदर-2 घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मृतक और घायलों के परिजनों से मुलाकात की। साथ ही घटनास्थल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई। एसपी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एएसआई निलंबित, बर्खास्तगी की कार्रवाई के निर्देश

पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि पुलिस इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। आरोपी एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। एसपी ने बताया कि उसे सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जा रहा है। गिरफ्तारी के बाद स्पीडी ट्रायल के माध्यम से उसे कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें, 25 हजार का इनाम

एसपी के अनुसार, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। आरोपी के बारे में पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति को एसपी की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और उन्हें नहीं फैलाने की अपील की है। मधुबनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपी के खिलाफ विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई गई है और विधि-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी