होम उप्र न्यूज़ 8 साल बाद AMU छात्रसंघ चुनाव के नतीजे, नोमान अशरफ अध्यक्ष; नशरा...

8 साल बाद AMU छात्रसंघ चुनाव के नतीजे, नोमान अशरफ अध्यक्ष; नशरा नईम ने रचा इतिहास

0
39

नशरा नईम बनीं छात्रसंघ के तीन प्रमुख पदों में से किसी एक पर जीतने वाली पहली महिला, मोहम्मद हमदान मानद सचिव निर्वाचित; अध्यक्ष पद पर नोमान को मिले 7,797 वोट

अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में आठ साल के लंबे इंतजार के बाद हुए छात्रसंघ चुनाव के नतीजे शुक्रवार सुबह घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद पर इतिहास विभाग के शोधार्थी नोमान अशरफ ने शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर नशरा नईम निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने जीत के साथ विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। वह अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के तीन प्रमुख पदों में से किसी एक पर जीत दर्ज करने वाली पहली महिला बन गई हैं। मानद सचिव पद पर बीटेक के छात्र मोहम्मद हमदान ने जीत हासिल की है।

पांच नवंबर को विश्वविद्यालय के 13 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए थे। इसके बाद एएमयू परिसर स्थित एबीके स्कूल में मतगणना शुरू हुई, जो पूरी रात चली। शुक्रवार सुबह मतगणना पूरी होने के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। नतीजे सामने आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। परिसर में नारेबाजी और आतिशबाजी के बीच जीत का जश्न मनाया गया।

नोमान अशरफ ने 4,121 वोटों से दर्ज की जीत

अध्यक्ष पद के चुनाव में नोमान अशरफ को कुल 7,797 वोट मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतिखाब को 4,121 मतों के अंतर से पराजित किया। मतगणना के अंतिम दौर में ही उनकी जीत लगभग तय हो गई थी। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने खुशी जाहिर की।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष नोमान अशरफ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आठ साल के लंबे संघर्ष के बाद छात्रों को छात्रसंघ चुनाव में अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिला है। यह सभी के लिए खुशी का पल है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों का उत्साह और जोश इस बात का प्रमाण है कि वे छात्रसंघ को लेकर कितने उत्साहित हैं।

नोमान ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने छात्रों के सामने जो मुद्दे उठाए और जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे। यह जीत उनके लिए केवल खुशी का अवसर नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी छात्रों का समर्थन और विश्वास जताने के लिए आभार व्यक्त किया।

नशरा नईम ने रचा इतिहास, बनीं पहली महिला उपाध्यक्ष

उपाध्यक्ष पद के लिए सात प्रत्याशी मैदान में थे। इस पद पर नशरा नईम और साकिब अली खान के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मतगणना के शुरुआती दौर में मुकाबला करीबी रहा, लेकिन अंतिम चरण में नशरा ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज कर ली।

इस जीत के साथ नशरा नईम एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सचिव के तीन प्रमुख पदों में से किसी एक पर निर्वाचित होने वाली पहली महिला बन गई हैं।

नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नशरा नईम ने अपनी जीत को पूरी छात्र बिरादरी की जीत बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने एक नई सोच के साथ शुरुआत की है और उन्हें उम्मीद है कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सीमित समय, संसाधनों और छोटी टीम के बावजूद यह सफलता समर्पित, साहसी और ईमानदार सहयोगियों की वजह से मिली है। उनके मुताबिक, अब नेतृत्व को नए सिरे से परिभाषित करने की जरूरत है। पिछले आठ वर्षों में और उससे पहले भी छात्रसंघ के सक्रिय रहने के दौरान कई मुद्दे और चुनौतियां सामने आई थीं, जिन पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता है।

मानद सचिव बने मोहम्मद हमदान

बीटेक के छात्र मोहम्मद हमदान ने मानद सचिव पद पर जीत हासिल की है। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद उन्होंने कहा कि यह जीत जितनी बड़ी है, इसके साथ जिम्मेदारी भी उतनी ही बड़ी है। वह अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश करेंगे।

हमदान ने कहा कि चुनाव के दौरान छात्रों से किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य उन मुद्दों पर काम करना है, जिन्हें लेकर छात्रों ने उन्हें अपना समर्थन दिया है।आठ साल बाद छात्रसंघ चुनाव होने और नए पदाधिकारियों के चुने जाने से विश्वविद्यालय परिसर में छात्र राजनीति को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी