होम उप्र न्यूज़ अयोध्या दीपोत्सव की भव्यता दुनिया तक पहुंचाएगा हाईटेक मीडिया सेंटर, 7 नवंबर...

अयोध्या दीपोत्सव की भव्यता दुनिया तक पहुंचाएगा हाईटेक मीडिया सेंटर, 7 नवंबर को होगा मुख्य आयोजन

0
26

मीडिया कवरेज के लिए योगी सरकार ने तैयार की व्यापक व्यवस्था, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट और अन्य सुविधाओं से लैस होगा मीडिया सेंटर; कार्यक्रम स्थलों पर नोडल अधिकारियों की तैनाती

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव-2026 को भव्य और यादगार बनाने के लिए योगी सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दीपोत्सव की भव्यता, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तस्वीरें देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर तक पहुंचाने के लिए हाईटेक मीडिया सेंटर तैयार किया जा रहा है। यहां मीडिया प्रतिनिधियों के लिए कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, स्टेशनरी सहित तमाम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। दीपावली के अवसर पर 5, 6 और 7 नवंबर को दीपोत्सव के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने प्रस्तावित हैं, जबकि मुख्य आयोजन 7 नवंबर को होगा।

इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से आने वाले विशिष्ट अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी। ऐसे में कार्यक्रमों की व्यवस्थित, व्यापक और प्रभावी मीडिया कवरेज सुनिश्चित करने के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने जिला प्रशासन अयोध्या के साथ मिलकर विशेष इंतजाम किए हैं। मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा से लेकर कार्यक्रम स्थलों पर कवरेज, आवागमन, जलपान, भोजन और फोटो-वीडियो कवरेज तक की जिम्मेदारियां अलग-अलग अधिकारियों को सौंपी गई हैं।

कार्यक्रम स्थलों पर तैनात किए गए नोडल अधिकारी

दीपोत्सव के दौरान विभिन्न आयोजन स्थलों पर मीडिया प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसका उद्देश्य मीडिया को निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराना और कवरेज के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करना है।

शोभायात्रा के प्रारंभ स्थल साकेत महाविद्यालय में सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती और जिला सूचना अधिकारी अयोध्या अनुराग रंजन को व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, हेलीपैड पर उप निदेशक अनुराग प्रसाद और सूचना अधिकारी प्रवीण मालवीय मीडिया समन्वय का काम देखेंगे।

रामकथा पार्क और वहां बनाए गए मंच पर मीडिया व्यवस्था की जिम्मेदारी उप निदेशक आत्रेय मिश्रा तथा सूचना अधिकारी अमित शुक्ला को सौंपी गई है। इसी तरह नया घाट, सरयू आरती स्थल और पुल पर सूचना अधिकारी महेंद्र कुमार एवं अनुवादक आशीष सिंह मीडिया प्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।

राम की पैड़ी पर सूचना अधिकारी लाल कमल और क्षेत्रीय प्रदर्शनी अधिकारी मयंक तिवारी को तैनात किया गया है। ये अधिकारी संबंधित स्थल पर मीडिया प्रतिनिधियों की जरूरतों और कवरेज से जुड़े कार्यों का समन्वय करेंगे।

लखनऊ से अयोध्या तक मीडिया प्रतिनिधियों के आवागमन की व्यवस्था

दीपोत्सव की कवरेज के लिए लखनऊ से अयोध्या पहुंचने वाले मीडिया प्रतिनिधियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। उनके लखनऊ से कार्यक्रम स्थल तक आने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वापस पहुंचने की व्यवस्था की जिम्मेदारी सहायक निदेशक चंद्र विजय वर्मा तथा अपर जिला सूचना अधिकारी आनंद सिंह को दी गई है।

इसके अलावा मीडिया प्रतिनिधियों के जलपान और भोजन की व्यवस्था के समन्वय का दायित्व सहायक निदेशक अमित यादव तथा वरिष्ठ सहायक आनंद मिश्रा को सौंपा गया है। विभाग का प्रयास है कि कार्यक्रमों की कवरेज के दौरान पत्रकारों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे निर्धारित समय पर आयोजन स्थलों तक पहुंच सकें।

फोटो-वीडियो और सोशल मीडिया कवरेज के लिए विशेष टीम

दीपोत्सव के कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने के लिए फोटो और फिल्म कवरेज की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए तैनात टीम विभिन्न कार्यक्रम स्थलों से तस्वीरें और वीडियो तैयार करेगी तथा उन्हें ऑनलाइन माध्यम से भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

वहीं, सोशल मीडिया, यूट्यूब और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दीपोत्सव से जुड़ी जानकारियां तत्काल साझा करने के लिए अलग टीम जिम्मेदारी संभालेगी। यह टीम कार्यक्रमों की गतिविधियों को समय पर प्रसारित करने के साथ संबंधित संस्थाओं और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच समन्वय बनाए रखेगी। इससे अयोध्या में होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक और अन्य विशेष आयोजनों की जानकारी तेजी से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकेगी।

धर्मपथ पर बनाया गया अस्थायी हाईटेक मीडिया सेंटर

मीडिया प्रतिनिधियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए धर्मपथ पर हनुमान गुफा के सामने नगर निगम पार्किंग ग्राउंड में अस्थायी मीडिया सेंटर बनाया गया है। इस सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्टेशनरी और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध रहेंगे, ताकि पत्रकार मौके पर ही अपनी खबरें तैयार कर सकें और उन्हें संबंधित मीडिया संस्थानों तक भेज सकें।

मीडिया वाहनों की पार्किंग के लिए फटिक शिला स्थल निर्धारित किया गया है। इससे कार्यक्रम स्थलों के आसपास वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।

निर्धारित मीडिया जोन और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील

सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों से दीपोत्सव के दौरान प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। इसमें सुरक्षा व्यवस्था, निर्धारित मीडिया जोन, प्रवेश पास और पार्किंग से संबंधित नियमों का पालन करना शामिल है।

प्रशासन का प्रयास है कि दीपोत्सव के सभी कार्यक्रमों की कवरेज व्यवस्थित तरीके से हो और मीडिया प्रतिनिधियों को आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें। हाईटेक मीडिया सेंटर, अधिकारियों की तैनाती और डिजिटल प्रचार की विशेष व्यवस्था के जरिए अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता को देश-दुनिया तक पहुंचाने की तैयारी की गई है।

यह भी पढ़े : बकरे की लाश जलाकर खुद को मुर्दा घोषित कराया, पत्नी ने की तेरहवीं; 18 महीने बाद पुलिस ने दबोचा

यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी