फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक से भाग रहे थे आरोपी, पुलिस पर की फायरिंग; जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल, दो पिस्टल बरामद
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेलनगर थाना क्षेत्र के नयागांव के पास हुई इस मुठभेड़ में मोटरसाइकिल सवार दो आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पटेलनगर क्षेत्र में शनिवार देर रात नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों पर पड़ी। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय बुडपुर की ओर भागने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस टीम पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल हुए आरोपी
पुलिस का आरोप है कि पीछा किए जाने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। इस दौरान पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया गया, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई फायरिंग में शमीम और शहजाद के पैरों में गोली लग गई और वे घायल होकर गिर पड़े।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा। मुठभेड़ की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपियों के संबंध में जानकारी ली। वहीं, फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
कई नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने का दावा
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कथित तौर पर वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में घूम रहे थे। हालांकि, उनकी स्वीकारोक्ति और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े दावों की जांच की जा रही है।
दोनों आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
घायल आरोपियों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक के रूप में हुई है। दोनों हरिद्वार जिले के रुड़की के निवासी हैं। पुलिस के मुताबिक, शमीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं।
दोनों आरोपी पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी









