एएनटीएफ आगरा की टीम ने केंटर से पकड़ी 1.25 करोड़ रुपये की खेप, ओडिशा से लाकर यूपी-हरियाणा के सीमावर्ती इलाकों में सप्लाई करने की थी तैयारी
मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की आगरा ऑपरेशनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से 250 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा अशोक लीलैंड केंटर, दो मोबाइल फोन और 5,460 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 25 अक्टूबर 2026 को थाना रिफाइनरी क्षेत्र में गांव बरारी स्थित जिओ पेट्रोल पंप के सामने आगरा से मथुरा जाने वाली लेन पर एनएच-2 हाईवे पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निसार पुत्र बशीर, आसिफ पुत्र अब्दुल करीम और सतीश पुत्र पदम सिंह के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के नूंह जिले के पिनगुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
ओडिशा से गांजा लाकर कर रहे थे सप्लाई
पुलिस की पूछताछ के मुताबिक, आरोपी सतीश ने बताया कि वह केंटर लेकर ओडिशा के ब्रह्मपुर गया था। उसके साथ निसार चालक और आसिफ कंडक्टर के रूप में मौजूद थे। आरोपियों के अनुसार, ब्रह्मपुर में उनकी मुलाकात वहां के एक व्यक्ति से हुई, जिसने रायपंका में केंटर में 250 किलोग्राम गांजा लोड कराया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी गांजे की खेप लेकर आगरा की ओर लौटे थे और इसे मथुरा के एक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि खेप को उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा से लगे क्षेत्रों में सप्लाई करने की योजना थी। गांजे की सप्लाई लेने वाले कथित व्यक्ति और ओडिशा में खेप लोड कराने वाले व्यक्ति के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना रिफाइनरी, मथुरा में मुकदमा संख्या 0352/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/22/29/60 में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था और अपर पुलिस महानिदेशक अपराध के मार्गदर्शन तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन में की गई। एएनटीएफ आगरा की टीम में उपनिरीक्षक गौरव शर्मा, मुख्य आरक्षी आशीष शुक्ला, रमन यादव और सुधीर कुमार, आरक्षी प्रेम नारायण तथा चालक मुकेश कुमार शामिल रहे। थाना रिफाइनरी की ओर से उपनिरीक्षक विक्रांत तोमर, आरक्षी विशाल तोमर और रितिक चहल ने सहयोग किया।
यह भी पढ़े : नकली पोस्टर से विपक्षी एकता नहीं तोड़ पाएगी भाजपा: अखिलेश
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









