होम उप्र न्यूज़ फतेहपुर में सिलेंडर विस्फोट से दो मंजिला मकान ढहा, चार की मौत

फतेहपुर में सिलेंडर विस्फोट से दो मंजिला मकान ढहा, चार की मौत

0
29

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार शाम खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मलवां थाना क्षेत्र में दो मंजिला मकान भरभराकर ढह गया। हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए देर तक राहत और बचाव अभियान जारी रहा।

जानकारी के मुताबिक, मलवां कस्बे में शाम के समय एक मकान की रसोई में खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर फट गया और तेज धमाके के साथ पूरा दो मंजिला मकान ढह गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहतकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। पुलिस के मुताबिक, अब तक सात लोगों को मलबे से निकाला जा चुका है, जिनमें चार की मौत हो गई है और तीन घायल हैं। घायलों को उपचार के लिए अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

मलबा हटाने का काम जारी

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सिलेंडर फटने की सूचना मिलते ही पीआरवी और मलवां थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

एसपी के मुताबिक, मलबे को हटाने का काम जारी है। इसके बाद ही हादसे में हताहतों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया भी कराई जा रही है।

आसपास के मकानों को भी नुकसान

विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के मकान भी प्रभावित हुए। प्रशासन के अनुसार, पड़ोस के महेश सिंह और प्रदीप का मकान भी ढह गया, जबकि रुपा सिंह के मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर घटना की जांच कर रही हैं।

जिलाधिकारी निधि गुप्ता के मुताबिक, हादसे में कुनाल, वेद, यश और अर्पित की मौत हुई है। वहीं सुरेश, ओम और आलोक समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। शिवानी को मामूली चोटें आई हैं। एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है।

सीएम योगी ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

फतेहपुर हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों के परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर