बेडशीट और गॉज बैंडेज की आपूर्ति से प्रदेश के बुनकरों को मिलेगा स्थायी बाजार और रोजगार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में अब हथकरघा से तैयार उत्पादों की खरीद को बढ़ावा देने की तैयारी है। इससे सरकारी चिकित्सा संस्थानों की जरूरतें पूरी होने के साथ प्रदेश के बुनकरों को नियमित रोजगार और उनके उत्पादों के लिए सुनिश्चित बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
मंगलवार को तिलक मार्ग, डालीबाग स्थित खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सभाकक्ष में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में इस संबंध में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा निर्मित बेडशीट और गॉज बैंडेज की खरीद एवं आपूर्ति की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपूर्ति व्यवस्था को जल्द अंतिम रूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी खरीद का उद्देश्य केवल चिकित्सा संस्थानों की जरूरतें पूरी करना नहीं, बल्कि इसके माध्यम से बुनकर परिवारों को निरंतर रोजगार और स्थायी बाजार उपलब्ध कराना भी है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और अन्य चिकित्सा संस्थानों में बेडशीट, तकिया कवर और गॉज बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति की जाएगी। इन उत्पादों का निर्माण प्रदेश के बुनकरों और बुनकर सहकारी समितियों के माध्यम से कराया जाएगा।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा संस्थानों को उपलब्ध कराए जाने वाले सभी उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जल्द जारी करने और व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने के निर्देश दिए। सरकार के इस कदम से प्रदेश के हथकरघा क्षेत्र को नई गति मिलने और बुनकर परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय









