मां ने 6 माह और 8 साल के बच्चों को समय रहते बाहर निकाला, तीन दमकल ने आग पर पाया काबू
लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम सरकारी कॉलोनी के एक मकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मोहन रोड स्थित सर्वोदय बालिका विद्यालय से करीब 50 मीटर पीछे मकान में आग लगते ही घर के अंदर मौजूद महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए अपने 6 माह के बच्चे और 8 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद महिला ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास जमा भीड़ को हटाया। फायर सर्विस को सूचना देकर दमकल की गाड़ियां भी बुला ली गईं। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि फायर कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
तीन दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
फायर स्टेशन आलमबाग को शाम करीब 7:25 बजे आग की सूचना मिली। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर प्रभारी अग्निशमन अधिकारी आलमबाग धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में दो फायर टैंकर तत्काल मौके पर भेजे गए।
दमकल कर्मियों ने पहुंचकर हौज पाइप फैलाया और आग को आगे बढ़ने से रोकते हुए बुझाने का काम शुरू किया। आग की स्थिति गंभीर होने पर फायर स्टेशन चौक से एक और फायर टैंकर बुलाया गया। तीनों दमकल गाड़ियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
घर में रखा सामान जलकर राख
जिस मकान में आग लगी, उसमें गोविंद गोस्वामी अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बताए गए हैं। आग की चपेट में आने से घर के अंदर रखा घरेलू सामान जल गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग की वजह को लेकर अलग-अलग शुरुआती जानकारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बताया गया कि घर में मौजूद 8 वर्षीय बच्चे ने टीवी चलाने के लिए रिमोट ऑन किया, जिसके बाद अचानक आग लग गई। वहीं, फायर सर्विस की ओर से की गई प्रारंभिक जानकारी में गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण आग लगने की आशंका जताई गई है।परिवार के सदस्यों की ओर से आग लगने की वजह विद्युत शॉर्ट सर्किट भी बताई गई थी। ऐसे में आग का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बाल-बाल बचे मां और दोनों बच्चे
घटना के समय घर के पुरुष अभिभावक बाहर थे, जबकि घर में महिला और दोनों बच्चे मौजूद थे। आग लगते ही महिला ने बिना देर किए दोनों बच्चों को बाहर निकाला। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी।फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









