बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा नगर कोतवाली क्षेत्र में मेवालाल पुलिस चौकी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और टैंकर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। दुर्घटना में कार सवार श्यामनारायण (45) और उनकी मां कैलासी (70) की मौत हो गई। वहीं, श्यामनारायण की पत्नी वंदना (42) गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ रेफर किया गया है।
बैठक में शामिल होने जा रहे थे श्यामनारायण
जानकारी के मुताबिक, मृतक संतकबीरनगर जिले के निवासी थे। श्यामनारायण तुलसीपुर स्थित चीनी मिल में सहायक गन्ना प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उनके मित्र चंद्रशेखर के अनुसार, श्यामनारायण बुधवार को एक बैठक में शामिल होने के लिए बलरामपुर जा रहे थे।बताया गया कि बैठक में शामिल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए लखनऊ भी जाना था। इसी दौरान मेवालाल पुलिस चौकी के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
कार के परखच्चे उड़े
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, कार और टैंकर के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने श्यामनारायण और उनकी मां कैलासी को मृत घोषित कर दिया। वंदना की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर किया गया।पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी
यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज
यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली
यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी
यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर









