होम Uncategorized भारत टैक्सी लॉन्च, किसानों का ऋण सस्ता; योगी सरकार के दो बड़े...

भारत टैक्सी लॉन्च, किसानों का ऋण सस्ता; योगी सरकार के दो बड़े ऐलान

0
29

टैक्सी, दोपहिया और तिपहिया चालकों को जीरो कमीशन पर जुड़ने का मौका, पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा; पांच लाख किसानों को मिलेगा छह प्रतिशत ब्याज पर ऋण

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को भारत टैक्सी और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ कर टैक्सी चालकों और किसानों के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। भारत टैक्सी के माध्यम से टैक्सी, दोपहिया और तिपहिया वाहन चालक पंजीकरण कराकर जीरो कमीशन पर सेवा से जुड़ सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी मिलेगा। वहीं, मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को मिलने वाले ऋण की ब्याज दर 11 प्रतिशत से घटाकर छह प्रतिशत कर दी गई है।

जीरो कमीशन पर भारत टैक्सी से जुड़ सकेंगे चालक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैक्सी, दोपहिया और तिपहिया वाहन चालकों के बारे में पहले पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था। अब चालक पंजीकरण के माध्यम से भारत टैक्सी से जुड़ सकेंगे और उन्हें जीरो कमीशन पर काम करने का अवसर मिलेगा। साथ ही पांच लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा मिलने से चालक अधिक निश्चिंत होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, भारत टैक्सी केवल यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह देश की गति को प्रगति में बदलने का माध्यम बनेगी।

फिलहाल लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज में भारत टैक्सी का संचालन शुरू किया गया है। इस संबंध में लखनऊ एयरपोर्ट, लखनऊ मेट्रो और लखनऊ पुलिस सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ समझौता ज्ञापन भी किए गए हैं।

महाकुंभ में रैपिडो के प्रयोग का किया जिक्र

मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज महाकुंभ 2025 का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान बड़ी संख्या में युवा रैपिडो के माध्यम से बाइक पर श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचा रहे थे। संगम से रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट तक यात्रियों को पहुंचाने में भी उनकी भूमिका रही।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से यातायात पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ा और लोगों को आवागमन की सुविधा मिली। मुख्यमंत्री ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से ग्रामीण बस सेवा को भी भारत टैक्सी की तर्ज पर विकसित करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस मॉडल के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

किसानों के ऋण की ब्याज दर 11 से घटकर छह प्रतिशत

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को मिलने वाले ऋण पर ब्याज दर कम करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक से किसानों को पहले 11 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण मिलता था, जिसे अब घटाकर छह प्रतिशत कर दिया गया है।

योजना के तहत खेती-बाड़ी और कृषि मशीनरी के लिए किसानों को दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार ने आगामी वर्षों में पांच लाख लघु और सीमांत किसानों को योजना का लाभ देने का लक्ष्य तय किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्नदाता किसान खुशहाल और समृद्ध होगा तो देश भी मजबूत होगा। उन्होंने सहकारिता क्षेत्र को किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक ऋण माफ करने का दावा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद 86 लाख लघु और सीमांत किसानों के 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ऋण माफ किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लंबे समय से लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा कराया गया।

मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले करीब साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 24 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है। इसके अलावा 16 लाख से अधिक निजी नलकूप वाले किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। नहरों और सरकारी नलकूपों से सिंचाई की सुविधा भी मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है।

नौ वर्षों में 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान

मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 122 चीनी मिलें संचालित हैं। इनमें से 100 से अधिक चीनी मिलें किसानों को गन्ने का भुगतान चौथे दिन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में किसानों को 3.30 लाख करोड़ रुपये गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है।

उन्होंने पिछली सरकारों पर 29 चीनी मिलें बंद करने और इनमें से 21 मिलों को कम कीमत पर बेचने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बीज से लेकर बाजार तक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पैक हाउस, खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों और किसान उत्पादक संगठनों के माध्यम से काम किया जा रहा है।

सहकारिता के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 50 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम भी तैयार किए जा रहे हैं।

15 सहकारी बैंक मुनाफे में आने का दावा

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश के 16 सहकारी बैंक निष्क्रिय हो चुके थे और उनके लाइसेंस जब्त कर लिए गए थे। इन बैंकों में किसानों के हजारों करोड़ रुपये जमा थे। उन्होंने बताया कि अब 16 में से 15 सहकारी बैंक फिर से मुनाफे में आ चुके हैं, जबकि एक अन्य बैंक को बेहतर बनाने का काम जारी है।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) को पहले 10 लाख रुपये तक ब्याज मुक्त नकद ऋण की सुविधा दी गई थी, जिसे बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है। सहकारिता क्षेत्र से 54 लाख नए सदस्य जुड़े हैं। किसानों को समय पर खाद, कीटनाशक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

कृषक समृद्धि पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटन दबाकर मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि पोर्टल और यूपीसीडीसी ऐप लॉन्च किया। इसके अलावा उर्वरक उपलब्धता के लिए मोबाइल ऐप, सहकारिता सेवाओं को सुगम बनाने के लिए सहकारी डाटा सेंटर और अन्य डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की गई।

मुख्यमंत्री ने पांच सारथियों को भारत टैक्सी के शेयर प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के पांच लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र सौंपे।

कार्यक्रम में भारत टैक्सी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कर्नल हिमांशु और अडानी एयरपोर्ट लखनऊ के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी शिव मोहन ने विभिन्न संस्थाओं के साथ हुए समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय सहकारिता एवं नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर भारत टैक्सी को रवाना किया।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम्य विकास बैंक के सभापति डॉ. विवेक कुमार सिंह तोमर, सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव पंकज कुमार बंसल और भारत टैक्सी के उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

यह भी पढ़े : तमिलनाडु में नवजात बच्चों को मिलेगी एक ग्राम सोने की अंगूठी

यह भी पढ़े : UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 13 PCS के बाद 35 IPS अफसरों के तबादले, कई कमिश्नरेट और वाहिनियों के बदले कमांडर

यह भी पढ़े : सीएम योगी की अधिवक्ताओं को बड़ी सौगात, पांच लाख तक कैशलेस इलाज

यह भी पढ़े : लोहिया ट्रस्ट की कमान अब अखिलेश के हाथ, शिवपाल की भूमिका बदली

यह भी पढ़े : लोक सेवक की जवाबदेही जरूरी, लोकायुक्त व्यवस्था पर अंकुश का काम करती है: योगी

यह भी पढ़े : BRICS SUMMIT 2026:भारत-चीन रिश्तों को नई दिशा, साझेदारी पर शी का जोर