बोले- ‘राम जी से घात का पैसा, धर्म-दान पात्र का पैसा, भाजपा के पाप का पैसा नहीं चाहिए’
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने राम मंदिर के चढ़ावे और दान की राशि को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर एक बार फिर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो गीत साझा किया और इसके जरिए भाजपा पर तीखे सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने वीडियो के साथ लिखा, “राम जी से घात का पैसा, धर्म-दान पात्र का पैसा, भाजपा के पाप का पैसा नहीं चाहिए।” वीडियो में राम मंदिर, धर्म-दान पात्र और भाजपा को लेकर सवाल उठाते हुए लोगों से मंदिर से जुड़े धन के बारे में सवाल करने की अपील की गई है।
वीडियो गीत के जरिए भाजपा पर निशाना
वीडियो संदेश में मंदिर की आस्था और चढ़ावे से जुड़े धन को लेकर भाजपा पर आरोप लगाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि यदि भाजपा की ओर से किसी तरह के पैसे का लालच दिया जाए तो सवाल किया जाना चाहिए कि मंदिर का पैसा क्यों चुराया गया और मंदिर की प्रतिष्ठा क्यों गिराई गई।
वीडियो गीत में कहा गया है, “राम जी से घात का पैसा, धर्म-दान पात्र का पैसा, भाजपा के पाप का पैसा नहीं चाहिए। नहीं चाहिए ऐसा पैसा।” इसके आगे भाजपा पर राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा गया है।
मंदिर की प्रतिष्ठा को लेकर उठाए सवाल
अखिलेश यादव द्वारा साझा किए गए वीडियो में आगे कहा गया है कि ऐसा पैसा ज्यादा दिन नहीं चलेगा। वीडियो के जरिए लोगों से भाजपा की ओर से कथित तौर पर दिए जाने वाले पैसे के स्रोत पर सवाल पूछने की अपील की गई है।इस पूरे मामले के जरिए सपा अध्यक्ष ने एक बार फिर राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे और दान की राशि के मुद्दे को राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है।
पहले भी आमने-सामने आ चुकी हैं सपा और भाजपा
राम मंदिर के चढ़ावे और दान की राशि को लेकर समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच पहले भी राजनीतिक बयानबाजी होती रही है। अखिलेश यादव लगातार भाजपा पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते रहे हैं।वहीं, भाजपा और मंदिर से जुड़े पक्ष सपा के आरोपों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते रहे हैं। ऐसे में अखिलेश यादव के नए वीडियो संदेश के बाद एक बार फिर इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
यह भी पढ़े : तमिलनाडु के अधिकारों की रक्षा और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का संकल्प: सीएम विजय
यह भी पढ़े : योगी बोले- यूपी अब ‘उपद्रव प्रदेश’ नहीं, ‘उत्सव प्रदेश’, सुशासन मॉडल के रूप में बना रहा पहचान









