अंतरजनपदीय टप्पेबाज गैंग के 11 सदस्य दबोचे, नकदी-जेवरात बरामद
अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने उस समय दबिश दी, जब गिरोह के सदस्य कथित तौर पर चोरी के माल और नकदी का बंटवारा कर रहे थे। कार्रवाई में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से ₹47,100 नकद, सोने-चांदी के जेवरात बरामद हुए हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से अम्बेडकरनगर और गोरखपुर में हुई टप्पेबाजी और चोरी की कई वारदातों का खुलासा हुआ है।
खुद को एक संगठित अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का सदस्य बताया
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 26 जुलाई को कोतवाली अकबरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवबाबा मंदिर परिसर में कुछ संदिग्ध लोग चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं और अगली वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मंदिर परिसर की घेराबंदी कर छापा मारा और मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹47,100 नकद, सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने खुद को एक संगठित अंतरजनपदीय टप्पेबाज गिरोह का सदस्य बताया। पुलिस के अनुसार, गिरोह अम्बेडकरनगर के अकबरपुर, जलालपुर, कटका, महरुआ, मालीपुर और अहिरौली थाना क्षेत्रों के अलावा गोरखपुर के शाहपुर इलाके में भी कई टप्पेबाजी और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के रहने वाले लोग इसमें शामिल
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह वारदात के बाद नकदी और जेवरात का आपस में बंटवारा करता था और फिर दूसरे जिले में जाकर नई घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर कई लंबित मामलों का सफल खुलासा हुआ है।गिरफ्तार आरोपियों में बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश के रहने वाले लोग शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।गिरफ्तार किए गए आरोपी झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। इनमें कुंदन मल्हार, किशन मल्हार, सोहिल कुमार मल्हार, शिवा मल्हार, पंकज कुमार मल्हार, भीम मल्हार सहित पांच महिला आरोपी भी शामिल हैं।
यह भी पढ़े :फर्जी FASTag से करोड़ों के टोल राजस्व की चोरी का भंडाफोड़
यह भी पढ़े : UPSSSC ने जारी किया एक्स-रे टेक्नीशियन भर्ती का फाइनल रिजल्ट, 377 अभ्यर्थियों का चयन
